‘टाइगर’ का हमला तेज: धुआं उड़ाकर चली गईं मशीनें, मंडराते रहे मच्छर, डॉक्टरों ने दी ये जरूरी सलाह
नगर निगम फॉगिंग वैन तेज रफ्तार से आई और धुआं उड़ाकर चली गई। पांच मिनट में ही धुआं खत्म हो गया और मच्छर नजर आने लगे। वहीं, कई इलाकों में फॉगिंग हुई ही नहीं, जहां भी गए 10 से 15 मिनट में भी खानापूरी कर दी गई।
विस्तार
कानपुर शहर के 71 मोहल्लों में डेंगू का लार्वा मिलने के बाद भी नगर निगम फॉगिंग कराने के मामले में लापरवाही बरत रहा है। बुधवार से सघन फॉगिंग कराने का दावा पहले ही दिन धुआं हो गया। जूही हमीरपुर रोड, अजीतगंज, दबौली में फॉगिंग मशीनें पहुंचीं ही नहीं।
वहीं मशीनें जहां गईं भी 15-20 मिनट में धुआं उड़ाकर लौट गईं। आरोप यह भी है कि फॉगिंग के नाम पर केवल धुआं उड़ाया गया। दवा की मात्रा बहुत कम रही। इस वजह से मच्छर मरे ही नहीं। शेड्यूल के मुताबिक बुधवार को में फॉगिंग होनी थी, लेकिन यहां मशीनें पहुंचीं ही नहीं।
कांशीराम अस्पताल में धुआं उड़ाते रहे, मच्छर मंडराते रहे
कांशीराम अस्पताल में बुधवार शाम पांच बजे से जोनल स्वच्छता अधिकारी अकील मसूद फॉगिंग के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। वैन शाम 5:57 बजे अस्पताल परिसर पहुंची। दोनों में काफी कहासुनी के बाद फॉगिंग शुरू हुई। इस मशीन ने अस्पताल भवन का एक चक्कर लगाया।
इमरजेंसी गेट पर कुछ देर फॉगिंग केबाद पुरानी सीएमओ बिल्डिंग की ओर मशीन पहुंची। इस दौरान परिसर में धुआं तो उड़ता रहा, लेकिन मच्छर मंडराते रहे। शाम 6:19 बजे अस्पताल गेट से फॉगिंग मशीन रवाना हो गई। लोगों का कहना था कि सिर्फ धुआं ही उड़ता रहा। दवा की दुर्गंध महसूस ही नहीं हुई।
मसवानपुर में भी फॉगिंग के नाम पर खानापूरी
नगर निगम ने शाम को वार्ड- 8 (मसवानपुर) में तय समय में 15 मिनट विलंब से सवा पांच बजे बड़ी फॉगिंग मशीन से फॉगिंग शुरू कराई। मामा तालाब होते हुए धोबियाना मोहल्ला, मसवानपुर, नीलम मेमोरियल स्कूल रोड पक्का तालाब, यूनाइटेड नगर, सन्नी सराय तक पौन घंटे में ही फॉगिंग कराकर गाड़ी बंद कर दी गई।
विशेषज्ञों ने दी ये जरूरी सलाह
डॉक्टरों के अनुसार एडीज मच्छर साफ पानी में पनपता है। ऐसा पानी घरों के बर्तनों, गमलों, छतों में पड़े कबाड़ में जमा होता है। इसलिए लोग साफ पानी कई दिन तक जमा न होने दें।
कंट्रोल रूम और स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से करीब 50 स्थानों में फॉगिंग कराने की मांग आई थी। उन सभी स्थानों में छोटी, बड़ी फॉगिंग मशीनें भेजकर फॉगिंग कराई गई। इस वजह से हो सकता है कुछ स्थानों में तय समय से गाड़ियां न जा पाई हों। दवा मिलाने में लापरवाही की गई होगी तो कार्रवाई की जाएगी। -शिवशरणप्पा जीएन, नगर आयुक्त