कानपुर: बस चालक ने फंदा लगाकर दी जान, 20 दिन पहले ही पत्नी-बेटियों को मनाकर लाया था घर, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: नजीराबाद थाना क्षेत्र स्थित गुमटी नंबर पांच में बस चालक ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। नशे की लत के कारण चल रहे पारिवारिक तनाव के बीच वह 20 दिन पहले ही अपनी पत्नी और दो बेटियों को मायके से मनाकर घर लाया था।
विस्तार
कानपुर में पत्नी और दो बेटियों को 20 दिन पहले ही मनाकर घर वापस लाने वाले शशिकांत दीक्षित उर्फ दीपू (40) ने बुधवार को फंदा लगाकर जान दे दी। नजीराबाद थाना क्षेत्र के गुमटी नंबर पांच स्थित घर में पत्नी नौकरी पर गई थी। इसी दौरान उसने खुद को कमरे में बंद कर साड़ी के सहारे पंखे से फंदा लगा लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर बेटियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे।
पुलिस ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शशिकांत निजी बस चालक था। परिवार में पत्नी सुधा और दो बेटियां सानवी व काव्या हैं। परिजनों के मुताबिक, नशे की लत के चलते पति-पत्नी के बीच तनाव रहता था। इसी वजह से सुधा काफी समय से बेटियों के साथ मायके पनकी में रह रही थी और वहीं प्राइवेट नौकरी कर रही थी।
शशिकांत ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था
करीब 20 दिन पहले शशिकांत ने अपनी गलती स्वीकार कर पत्नी बेटियों को मनाया था। इसके बाद तीनों उसके साथ रहने के लिए घर लौट आई थीं। बुधवार शाम सुधा नौकरी पर गई थी। इसी दौरान शशिकांत ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर बेटियों ने शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी पहुंचे।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, तो शशिकांत फंदे से लटका मिला। उसे नीचे उतारा गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की भाभी स्नेहा अवस्थी ने बताया कि बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे थे। नजीराबाद इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।