कानपुर: डिजिटल लॉक खोलकर तीन लाख की चोरी, फर्म का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड, साथी संग गिरफ्तार
Kanpur News: साई कृपा अपार्टमेंट स्थित बिल्डर के कार्यालय के डिजिटल लॉक को खोलकर तीन लाख रुपये और चेकबुक चोरी करने वाले मास्टरमाइंड समेत दो आरोपियों को कोहना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाला तथ्य यह है कि चोरी की साजिश फर्म के ही एक कर्मचारी ने अपने कर्ज को चुकाने के लिए रची थी।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
कानपुर में एमराल्ड गार्डन निवासी बिल्डर के साई कृपा अपार्टमेंट स्थित कार्यालय से चोर दो से तीन लाख रुपये नकद, बैंक की चेकबुक और जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। आठ नवंबर की शाम 7:28 बजे चोरों ने कार्यालय का डिजिटल लॉक खोलकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर कोहना पुलिस ने जांच शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
चोरी की साजिश किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि फर्म में काम करने वाले कर्मचारी ने ही रची थी। उसने साथी के साथ मिलकर वारदात की और पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहनकर स्कूटी से पहुंचा था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर चोरी की चेकबुक और 12 हजार रुपये बरामद किए हैं। एमराल्ड गार्डन टावर नंबर चार निवासी विवेक शुक्ला की विनायक बिल्डर्स एंड सप्लायर्स नाम से फर्म है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए थे दो संदिग्ध
इसका कार्यालय साई कृपा अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर ए-4 में है। विवेक के मुताबिक, आठ नवंबर को कार्यालय में चोरी हुई थी। दरवाजे पर लगा डिजिटल लॉक तोड़कर या हैक करके चोर अंदर घुसे थे। वहां रखे दो से तीन लाख रुपये नकद, बैंक की चेकबुक और फर्म से जुड़े जरूरी दस्तावेज गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए। विवेक ने नौ नवंबर को कोहना थाने में शिकायत की थी। जांच के बाद 10 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई।
पासवर्ड जानता था कर्मचारी, कर्ज चुकाने को की चोरी
कोहना थाना प्रभारी मनीष सिंह के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपियों की पहचान हुई। गिरफ्तार आरोपियों में फर्म का कर्मचारी अर्जुन श्रीवास्तव उर्फ दीपू उन्नाव के शुक्लागंज के आदर्श नगर और उसका साथी बाबूपुरवा के मुंशीपुरवा निवासी हिमांशु गौड़ शामिल हैं। अर्जुन को कार्यालय के डिजिटल लॉक का पासवर्ड पता था। विवेक ने उसे पहले ही पासवर्ड बता रखा था।
12 हजार रुपये और एक चेकबुक बरामद
थाना प्रभारी के अनुसार, अर्जुन पर कर्ज था। उसे चुकाने के लिए उसने साथी के साथ चोरी की योजना बनाई। दोनों स्कूटी से पहुंचे और सीसीटीवी में पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। पुलिस ने दोनों को 11 नवंबर की रात 11:52 बजे गिरफ्तार किया। उनके पास से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, हेलमेट, पेचकस, प्लास, 12 हजार रुपये और एक चेकबुक बरामद हुई है।