Unnao: तीन माह बाद मिली लापता किशोरी! बहला फुसलाकर ले गया था युवक, पुलिस ने आरोपी सहित खोजा
उन्नाव पुलिस ने तीन महीने से लापता किशोरी को आरोपी सहित खोज निकाला है। किशोरी का मेडिकल कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, युवक को अपहरण, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट दर्ज होने से जेल भेजा गया है।
विस्तार
उन्नाव जिले में मवेशियों के लिए कैल्शियम की दवा बेचने वाला युवक किशोरी को बहला फुसलाकर ले गया। उसके साथ दुष्कर्म भी किया। किशोरी की मां ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
तलाश कर रही पुलिस ने दोनों को खोज लिया। आरोपी को जेल भेजा गया है और किशोरी का मेडिकल कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द किया है। मुजफ्फरनगर जिले के थाना मीरापुर के संभलेहरा निवासी शिवप्रकाश माखी थानाक्षेत्र के गांवों में फेरी लगाकर मवेशियों के लिए कैल्शियम की दवा बेचता था।
18 दिसंबर 2022 को वह एक गांव निवासी (16) वर्षीय किशोरी के बहला-फुसलाकर कर भगा ले गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। कहीं पता न चलने पर मां ने 29 जनवरी को बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपी और किशोरी की तलाश कर रही थी।
13 फरवरी को पुलिस ने किशोरी को आरोपी सहित उन्नाव रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद में पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ किशोरी भी बरामद हो गई।
आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो की धारा भी बढ़ाई गई है। थानाध्यक्ष रामआसरे चौधरी ने बताया कि सर्विलांस के आधार पर रेलवे स्टेशन से आरोपी और किशोरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। घटना की विवेचना जारी है।