Banda: शिवलिंग पर चढ़ाना था कमल गट्टा, तालाब में लेने के लिए गया था वृद्ध...डूबकर मौत, गोताखोरों ने निकाला शव
Banda News: कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह ने बताया गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
विस्तार
बांदा जिले के बबेरू कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को शिवलिंग पर चढ़ाने के लिए कमल गट्टा लेने गया वृद्ध तालाब में डूब गया। इसकी जानकारी गांव में किसी को नहीं हो सकी। दूसरे दिन ढूंढते हुए जब पजिरन व गांव के लोग तालाब के पास पहुंचे, तो वृद्ध के जूते देख उन्हें शंका हुई।
21 घंटे बाद गोताखारों की मदद से तालाब से वृद्ध का शव निकाला गया। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के थरथुवा गांव निवासी शंकर पटेल (60) किसान है। वह सोमवार के दिन शिवलिंग पर पुष्प अर्पित करता था। ग्रामीणों के अनुसार पूजा के चलते सोमवार को वह कमल गट्टा लेने गया था।
उस समय करीब 12 बजे का वक्त था। उसके बाद से उसका पता नहीं चला। जब शंकर घर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन कहीं भी उसकी जानकारी नहीं मिल पा रही थी। मंगलवार को ढूंढते हुए केबड़ा गांव तालाब में पहुंचे तो वहां शंकर के जूते नजर आए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इसके बाद पुलिस को सूचित किया और फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने मरका से गोताखोरों को बुलाकर तालाब से वृद्ध का शव बाहर निकाला गया। कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह ने बताया गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।