कानपुर आईआईटी में छात्रों के साथ अब शिक्षकों को भी पढ़ाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही यहां प्रदेश सरकार की मदद से फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी की स्थापना की जाएगी।
डिप्टी डायरेक्टर प्रो. मणिंद्र अग्रवाल ने इस बाबत मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय से समझौता किया है। इस फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी में प्रदेश के सभी इंजीनियरिंग कॉलेज और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों को व्यापक स्तर पर ट्रेनिंग दी जाएगी। इन्हें नए और अत्याधुनिक तौर-तरीकों से पढ़ाना सिखाया जाएगा। विश्व स्तर के पाठ्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।
हाल ही में लांच की गई नई तकनीक की जानकारी दी जाएगी ताकि शिक्षक अपने छात्रों को भी यह ज्ञान बांट सकें। निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने बताया कि प्रदेश में इंजीनियरिंग की शिक्षा व्यवस्था सुधारने के लिए यह बेहतरीन कदम है। आईआईटी के विशेषज्ञों की पूरी टीम ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही हम एकेडमी को लांच करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
विदेशी विशेषज्ञ भी देंगे ट्रेनिंग
फैकल्टी डेवलपमेंट एकेडमी में विदेशी विशेषज्ञ भी इंजीनियरिंग शिक्षकों को ट्रेनिंग देंगे। इसका प्रारूप तैयार किया जा रहा है। इंस्टीट्यूट की लैब और इंडस्ट्री के साथ कामकाज का तरीका भी शिक्षकों को सिखाया जाएगा ताकि उनका व्यक्तित्व विकास भी संभव हो सके।
रिसर्च भी कराएंगे, एंटरप्रिन्योरशिप सिखाएंगे
एकेडमी में इंजीनियरिंग के शिक्षकों को उनकी पसंद के विषय में रिसर्च कार्य भी कराया जाएगा। इसमें आईआईटी के वैज्ञानिक और विदेशी वैज्ञानिक शिक्षकों की मदद करेंगे। इसके अलावा शिक्षकों को एंटरप्रिन्योरशिप, स्टार्टअप आदि की जानकारी भी दी जाएगी।