यूपी: कानपुर मेल पर पथराव, एस-1 कोच के शीशे टूटे, बच्ची समेत चार जख्मी; सीट पर बैठने के विवाद में हुई घटना
सेंट्रल के पश्चिमी आउटर पर मंगलवार रात सीट पर बैठने के विवाद में पथराव हो गया। जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विस्तार
कानपुर से बीते दिनों शुरू की गई कानपुर मेल पर मंगलवार रात पथराव हो गया। घटना कानपुर सेंट्रल के पश्चिमी आउटर पर मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। इसमें पत्थर और कोच के शीशे के टुकड़े लगने से बच्ची समेत चार लोग जख्मी हो गए। पीड़ितों के अनुसार एस-1 कोच में सवार एक महिला ने पास आकर बैठे युवक को सीट से हटने को कहा तो वह भड़क गया और चेन खींचकर नीचे उतरने के बाद पथराव कर दिया। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने जांच में बाद ट्रेन को रवाना कराया और रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
रेलवे हेल्पलाइन 139 पर मंगलवार रात 9:39 बजे सूचना आई थी। सूचनाकर्ता ने बताया था कि पश्चिमी आउटर यार्ड के पास ट्रेन संख्या 14153 कानपुर मेल पर अज्ञात युवक ने पथराव किया है। वह मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरू की तो एस-1 कोच में सवार महिला ने बताया कि वह अपनी सीट पर बैठी थीं। करीब 18 वर्ष का सांवले रंग का युवक गंदे कपड़े पहने हुए उनकी सीट पर आकर बैठ गया। महिला ने उसे वहां से जाने के लिए कहा तो भड़क गया, इसके बाद उसने ट्रेन की चेन खींच दी और गुस्से में नीचे उतर गया।
जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
कानपुर मेल में मंगलवार रात सीट पर बैठने से रोकने के विवाद में भड़के युवक ने ट्रेन से उतरने के बाद पथराव कर दिया था। इसमें बच्ची समेत चार लोग जख्मी हुए हैं। आरपीएफ के उपनिरीक्षक हिमांशु शर्मा की तहरीर पर जीआरपी कानपुर सेंट्रल थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। - अमित सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल
