Hardoi Murder: दामाद ने ससुर की पत्थर से कूंचकर की हत्या, बेटी को भेजने से किया था इनकार, आरोपी गिरफ्तार
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में दामाद ने ससुर की पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दामाद पत्नी को विदा कराने शनिवार की शाम को आया था। इस पर ससुर ने बेटी को भेजने से इनकार कर दिया।
विस्तार
हरदोई जिले के बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में पत्नी को विदा कराने ससुराल आए पति ने ससुर की रविवार को पत्थर से कूंचकर हत्या कर दी। वजह, ससुर ने बेटी को भेजने से मना कर दिया। इस बात से खफा दामाद ने दामाद ने ससुर को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी दामाद को हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम काजीबाड़ी निवासी ग्राम रामचंद्र (66) ने करीब 10 वर्ष पहले अपनी पुत्री अंशु की शादी शाहजहांपुर जनपद थाना सेहरामऊ दक्षिणी के बेहटी गांव निवासी बृजेश के साथ की थी। परिजनों के मुताबिक बृजेश आए दिन अंशु को मारता पीटता था।
इस बात को लेकर अभी तीन माह पहले रामचंद्र अंशु को विदा कराकर घर ले आया था। तीन माह बाद दामाद बृजेश शनिवार की शाम को ससुराल आया। रविवार की सुबह ससुर रामचंद्र से अंशु को भेजने के लिए कहा। इस पर रामचंद्र ने विदा करने से मना कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
इसी बात से आगबबूला हुए दामाद बृजेश ने पत्थर से ससुर रामचंद के सिर पर कई वार कर मरणासन्न कर दिया। परिजन उसे लेकर स्थानीय सीएचसी टोडरपुर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि आरोपी बृजेश को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।