Shivangi Suicide Case: पुष्पेंद्र का हुआ था एनकाउंटर, अब पत्नी का सुसाइड, हाथ पर लिखा- हम अपनी मर्जी से...
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में वर्ष 2019 में पुष्पेंद्र यादव एनकाउंटर काफी चर्चित रहा था। मामले में सियासी माहौल गरमाया था और एनकाउंटर पर अखिलेश यादव ने सवाल उठाए थे। बुधवार को पुष्पेंद्र की पत्नी ने आत्महत्या कर ली। इसको लेकर भी तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं।
विस्तार
जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र में चार साल पहले पुलिस मुठभेड़ में मारे गए पुष्पेंद्र यादव की पत्नी ने तनाव में आकर आत्महत्या कर ली। पति की मौत के बाद से ही वह मायके में रह रही थी। उसने मंगलवार रात में घर के कमरे में लगे हुक से फांसी का फंदा बनाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
सुबह जब परिजन उसके कमरे में गए, तो उसका शव लटका देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति को चार वर्ष पहले एनकाउंटर में पुलिस ने मार दिया था, जिसको लेकर काफी विवाद हुआ था।
आटा थाना क्षेत्र के पिपरायां गांव निवासी राकेश यादव ने अपनी बेटी शिवांगी (25) की शादी वर्ष 2019 में झांसी जिले के करगुवां गांव निवासी पुष्पेंद्र यादव के साथ की थी। शादी के चार माह बाद ही पांच अक्टूबर 2019 को पुष्पेंद्र यादव पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।
मानसिक रूप से परेशान चल रही थी शिवांगी
उसी घटना के कुछ दिन बाद से ही शिवांगी वापस अपने मायके आटा थाना क्षेत्र के पिपरायां गांव में पिता के यहां रहने आ गई थी। पुष्पेंद्र के एनकाउंटर के बाद से ही शिवांगी मानसिक रूप से परेशान चल रही थी और उसने मंगलवार की रात परिवार के सोने के बाद फंदा बनाकर अपनी जान दे दी।
न्याय न मिलने से थी दुखी
परिजनों का कहना है कि वह पुष्पेंद्र को न्याय न मिलने से दुखी थी। उसने तनाव में आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह का कहना है कि महिला ने हाथ में सुसाइड नोट लिखा था। फिलहाल घरवालों के बयान ले लिए गए हैं, जांच पड़ताल की जा रही है।
बाएं हाथ की हथेली पर लिखा सुसाइड नोट
फंदा लगाने के पहले शिवांगी ने अपने बाएं हाथ में सुसाइड नोट लिखा, जिसमें लिखा था कि वह अपनी मर्जी से जान दे रही है। मेरे घरवालों को परेशान न किया जाए। परिजनों ने बताया कि उसने रात में सबके साथ खाना खाया था। लेकिन किसी को कोई बात नहीं बताई थी।