Kannauj: बंदी रक्षकों ने युवकों को जमकर पीटा, स्कूटी में बाइक टकराने पर हुई थी कहासुनी, चार पर रिपोर्ट
Kannauj News: जेल वार्डर कपिल कुमार शर्मा ने चार लोगों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। जेल अधीक्षक पीके त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।
विस्तार
कन्नौज जिला कारागार में तैनात एक बंदी रक्षक की स्कूटी में बाइक टकरा गई। इससे गुस्साए बंदी रक्षक ने अपने साथियों के साथ मिलकर बाइक सवार दोनों युवकों को जमकर पीटा। पुलिस कर्मियों और युवकों के बीच मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जेल वार्डर ने दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। दरअसल, शुक्रवार की रात करीब रात आठ बजे जिला कारागार में तैनात एक बंदी रक्षक की स्कूटी में घासीपुरवा गांव निवासी अवनीश पुत्र अमर सिंह व कुलदीप पुत्र श्याम सिंह की बाइक टकरा गई।
इसके बाद बंदी रक्षक और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। इसी बीच बंदी रक्षक ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। बाइक से आए बंदी रक्षकों ने दोनों युवकों को जमकर पीटा। उनकी बाइक को भी धक्का मारकर गिरा दिया। मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जेल अधीक्षक बोले- मामले की जानकारी नहीं
पिटाई करने के बाद बंदी रक्षक दोनों युवकों को अपने साथ जेल चौकी ले गए। यहां से दोनों युवकों को कोतवाली भेज दिया गया। जेल वार्डर कपिल कुमार शर्मा ने चार लोगों के संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। जेल अधीक्षक पीके त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।