President Hotel Case: आरोपी भेजा गया जेल, होटल से उतारे गए विधायक के पोस्टर, जानिए क्या है पूरा मामला
एक होटल को 20 साल बाद दोबारा बेच देने का मामला सामने पर बवाल मच गया है। बताया जा रहा है कि जिस मालिक ने विजय कपूर एंड कंपनी को होटल बेचा था। उसी ने 21 सितंबर को चरनजीत के नाम रजिस्ट्री भी की।
विस्तार
कानपुर में प्रेसीडेंट होटल को लेकर चल रहे बवाल में पुलिस ने गुरुवार को चरनजीत उर्फ बंटी को जेल भेज दिया। होटल पर टांगे गए सत्ताधारी विधायक के पोस्टर उतार दिए गए। अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें लगी हैं। इस बीच पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि होटल के जो मुख्य मालिक थे।
उन्होंने 21 सितंबर की रात को चरनजीत के नाम से होटल की रजिस्ट्री कर दी थी। रजिस्ट्री फर्जी है सही इसकी जानकारी की जा रही है। डीसीपी साउथ प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की गई तो पता चला कि 2002 में बलवंत राय कपूर व उनके परिवार वालों ने होटल की रजिस्ट्री विजय कपूर, संजय कपूर, नीरज व अजय के नाम पर की थी।
2011 से चरनजीत लीज पर होटल चला रहा था, जिसका एग्रीमेंट इसी साल फरवरी में खत्म हो गया था। तब से अब तक उसने होटल खाली नहीं किया था। जब गहनता से जांच की गई, तब पता चला कि 21 सितंबर की रात होटल की रजिस्ट्री चरनजीत के नाम से कर दी गई।
इसी के आधार पर वह खुद को मालिक बता रहा है। डीसीपी ने बताया कि रजिस्ट्री कैसे की गई...इसकी जांच की जा रही है, जो भी इसमें शामिल होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।
यह हुई थी घटना
फजलगंज स्थित प्रेसीडेंट होटल को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। 17 सितंबर को मुख्य मालिक अजय डंक समेत अन्य पहुंचे थे, तो होटल को चलाने वाले चरनजीत ने एक विधायक के गुर्गों को बुलाकर उनको खदेड़ दिया था।
पुलिस ने चरनजीत, गुरमीत सिंह, रनदीप सिंह व हरमीत सिंह समेत 40 पर हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर चरनजीत को गिरफ्तार किया था। गुरुवार को वह जेल भेजा गया।
मामले की जांच की जा रही है। होटल संबंधी सभी दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं। अगर होटल की रजिस्ट्री दो बार की गई तो बेचने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। अगर आरोपी ने खुद फर्जी रजिस्ट्री कराई होगी तो उस पर और सख्त कार्रवाई होगी। -प्रमोद कुमार, डीसीपी साउथ