कानपुर देहात। जिले में नवागंतुक एसपी केशव कुमार चौधरी शनिवार को चार्ज ग्रहण करेंगे। वह कई जिलों में बतौर एसपी तैनात रहे हैं। दस्यु प्रभावित क्षेत्र चित्रकूट में तैनाती का भी उन्हें अनुभव है। वह पाठा के जंगलों में कई बदमाशों के खिलाफ अभियान चला चुके हैं। शुक्रवार को फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने कानून व्यवस्था कायम रखने पर फोकस करने की बात कही।
एसपी अनुराग वत्स का हरदोई स्थानांतरण होने के बाद उनकी जगह लखनऊ से 35 वीं वाहिनी पीएसी में तैनात सेनानायक केशव कुमार चौधरी को भेजा गया है। केशव कुमार चौधरी मूल रुप से दरभंगा, बिहार के रहने वाले हैं। वह 2009 बैच के आईपीएस हैं। सिद्धार्थ नगर, हाथरस, जौनपुर, रामपुर, चित्रकूट जिले में बतौर एसपी तैनात रहे हैं। चित्रकूट में वर्ष 2015-16 में तैनाती के दौरान पाठा के जंगलों में पनाह पा रहे कई बदमाशों के खिलाफ अभियान चला चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिले में आने पर वहां की भौगोलिक स्थित समझने के बाद प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। कहा कि फरियादियों की समस्याओं के निदान को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही अपराध नियंत्रण व कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए बेहतर प्रयास करेंगे।