Kanpur: 26 जनवरी को स्वच्छता का संदेश लेकर दौड़ेंगे अफसर, क्रीड़ा अधिकारी को सौंपी गई है जिम्मेदारी
Kanpur News: जिलाधिकारी ने बताया कि 25 जनवरी यानी राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
विस्तार
कानपुर में 26 जनवरी पर स्वच्छता का संदेश लेकर अधिकारी दौड़ेंगे। दौड़ का आयोजन सुबह 6:30 बजे ग्रीनपार्क में होगा। इसकी जिम्मेदारी क्रीड़ा अधिकारी को सौंपी गई है। सरसैया घाट स्थित सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को लेकर बैठक हुई।
डीएम ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में सुभाष चंद्र बोस जयंती (23 जनवरी) को धूमधाम से मनाई जाएगी। राष्ट्रीय बालिका दिवस (24 जनवरी) व इसी दिन उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा। 25 जनवरी यानी राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
प्रदर्शनी में महापुरुषों के जीवन के बारे में बताया जाएगा
गणतंत्र दिवस पर सुबह छह बजे महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण होगा। ग्रीनपार्क से सुबह 7:30 बजे छात्र-छात्राओं व सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात फेरी निकालेंगे। स्टेडियम में प्रदर्शनी आयोजित कर महापुरुषों के जीवन के बारे में बताया जाएगा। सुबह 8:30 बजे सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण होगा। कलक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व सैन्यबल कर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में एडीएम राजेश कुमार, सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी, बीएसए सुरजीत मौजूद रहे।