Exclusive: तीन महीने में म्यूचुअल फंड एयूएम चार हजार करोड़ बढ़ा, पहली बार 34,686 करोड़ हुआ, पढ़ें अपडेट
Kanpur News: वित्तीय वर्ष 2023-24 में 8,581 करोड़ रुपये म्यूचुअल फंड एयूएम बढ़ा है। वर्ष 2013-2014 के मुकाबले करीब छह गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। अब शहर में म्यूचुअल फंड फोलियो की संख्या करीब 10 लाख है।
विस्तार
कानपुर शहर के लोगों को म्यूचुअल फंड में निवेश करना खूब रास आ रहा है। इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि केवल तीन महीने में ही म्यूचुअल फंड एयूएम (एसेट अंडर मैनेजमेंट) चार हजार करोड़ बढ़ गया है। इसके अलावा म्यूचुअल फंड एयूएम पहली बार 34,686 करोड़ पहुंच गया है। यह खुलासा एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड इन इंडिया की रिपोर्ट में हुआ है।
रिपोर्ट में ये भी पता चला है कि शहर में 10 हजार करोड़ के म्यूचुअल फंड एयूएम स्तर पर पहुंचने में 25 साल लगे। 10 से 20 हजार करोड़ रुपये होने में छह साल लगे। 20 से 30 हजार करोड़ के स्तर पर पहुंचने में केवल 14 महीने लगे हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि कानपुर का म्यूचुअल फंड कारोबार सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर है।
शहर का एयूएम पिछले तीन महीनों (जून, जुलाई और अगस्त) में चार हजार करोड़ रुपये बढ़ा। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 8,581 करोड़ रुपये म्यूचुअल फंड एयूएम बढ़ा है। वर्ष 2013-2014 के मुकाबले करीब छह गुना से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। अब शहर में म्यूचुअल फंड फोलियो की संख्या करीब 10 लाख है।
शेयर बाजार में तेजी देखी जा रही है
शेयर मामलों के जानकार राजीव सिंह ने बताया कि म्यूचुअल फंड एयूएम तेजी से बढ़ रहा है। युवा खास तौर पर निवेश कर रहे हैं। दो दिनों से शेयर बाजार में तेजी देखी जा रही है। शुक्रवार को निफ्टी 504 अंक बढ़ा। वहीं सेंसेक्स में 1707 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान शहर के निवेशकों के पोर्टफोलियो में करीब 1350 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी का अनुमान है।
एयूएम की तारीख कानपुर की हिस्सेदारी (प्रतिशत में) कानपुर का एयूएम (करोड़ में)
31 अगस्त 2024 0.52 34686
31 मई 2024 0.52 30634
31 मार्च 2024 0.52 28604
31 मार्च 2023 0.50 20023
31 मार्च 2022 0.50 18851
31 मार्च 2021 0.48 15443
31 मार्च 2020 0.47 11613