मौसम विभाग की चेतावनी: कुछ ही घंटों में यूं बदलेंगे हालात, रहें तैयार
सीएसए मौसम विभाग की मानें तो अभी 18 जुलाई तक यूपी के ज्यादातर शहरों में झमाझम बारिश होगी। मानसून में भी धूप और गर्मी झेल रहे लोगों की शनिवार की सुबह झमाझम बारिश के साथ हुई। बारिश भी ऐसी हुई जिसने इस मानसून का अबतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जब बंद हुई तो मौसम सुहाना हो गया।
एक तरफ जहां तापमान में गिरावट दर्ज हुई तो वही दिन में उमस भी नरम पड़ी रही। शनिवार को दिनभर में 30.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मानसूनी बारिश शहर और आसपास के क्षेत्रों में लाने के लिए बंगाल की खाड़ी से पूर्वी हवा पिछली आठ तारीख से चल रही है। यही वजह है कि सुबह से लेकर देर रात तक घने बादल लगातार बने हुए हैं।
मौसम विभाग ने 18 जुलाई तक इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना जताई है। इसी तरह पिछले तीन दिनों से दिन में हवा की नमी भी 90 प्रतिशत से ऊपर चल रही है। रात में भी नमी का प्रतिशत 70 से ऊपर है। इसकी वजह बादल और बारिश है।
अच्छी बात यह है कि दिन और रात में भी हवा चलने की वजह से हवा की नमी से उमस का असर कम है। शहर के कुछ घनी आबादी वाले क्षेत्रों में उमस का प्रभाव ज्यादा है।