Kannauj: साड़ी सेंटर में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने मुश्किल से पाया काबू, 15 लाख से अधिक का नुकसान
छिबरामऊ थाना क्षेत्र में स्थित एक साड़ी सेंटर में भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों का सामान जलकर राख हो गया। लोग शॉर्ट सर्किट या से आतिशबाजी की चिंगारी से हादसा होने की आशंका जता रहे हैं।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के पीपल चौराहे पर स्थित साड़ी सेंटर पर दीपावली की रात में आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक लाखों रुपये की कीमती साड़ियां व लहंगे जलकर राख हो गए। बता दें कि मोहल्ला इब्राहिमगंज निवासी अंकित पुत्र राकेश गुप्ता की पीपल चौराहे पर सांवरिया साड़ी सेंटर के नाम से दुकान है।
सोमवार को दीपावली के त्योहार पर पूजा करने के बाद रात आठ बजे अपने घर चला गया। कुछ देर बाद मोहल्ले के लोगों ने उसे दुकान में आग लगने की सूचना दी। उसके बाद वह परिजनों के साथ दुकान पर पहुंच गया और पड़ोसी रामजी तिवारी के भरे रखे ड्रमों से पानी डालना शुरू कर दिया।
सूचना पाकर फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंच गई औऱ आग पर काबू पाया। लोगों ने दुकान से सामान निकालकर छत पर पहुंचाया। दुकानदार अंकित गुप्ता ने बताया कि आग लगने से कीमती लहंगे, बनारसी, सिल्क, रेशमी साड़ियों सहित दुकान में लगा सीलिंग, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
इस कांड में उसे लगभग पंद्रह लाख का नुकसान हुआ है। साड़ी सेंटर में शॉर्ट सर्किट से हादसा होने का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं कुछ लोग आतिशबाजी की चिंगारी से भी हादसा होने की आशंका जता रहे हैं। घटना के समय मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई।
चपेट में आई पीछे की दुकान
साड़ी सेंटर में आग इतनी भीषण थी कि पीछे स्थित मोहल्ला बनवारी नगर निवासी शिव कुमार शुक्ला की गारमेंट्स की दुकान भी चपेट में आ गई। दुकान के बाहर का बोर्ड ही जल पाया था, तभी शिव कुमार मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया, जिससे वह बड़े नुकसान से बच गए।