कन्नौज: पत्नी भगाने की रंजिश में हैवानियत, आरोपी की मां को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर
Kannauj News: छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तिगुड़िया गांव में पत्नी को भगा ले जाने के रंजिश में पीड़िता ने आरोपी की 65 वर्षीया मां पर पेट्रोल डालकर उन्हें जिंदा जलाने का प्रयास किया। आग में झुलसी वृद्धा को गंभीर हालत में सौ शैय्या अस्पताल छिबरामऊ से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र मं पत्नी को भगाकर ले जाने के आरोपी की मां को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। घटना के बाद महिला का पति फरार हो गया। आनन-फानन परिजन उसे लेकर सौ शैय्या अस्पताल पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद सैफई के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ग्राम तिगुड़िया निवासी सोनतारा (65) का बेटा अनुज राजस्थान के हनुमान गढ़ी में ईंट भट्ठे पर काम करता था। वहां पर तालग्राम के बेहटा खास निवासी सर्वेश भी मजदूरी करता था। उसके साथी सर्वेश की पत्नी महेश्वरी भी रहती थी। आरोप है कि 10 दिन पहले महेश्वरी को अनुज अपने साथ लेकर चला गया, जिसके बाद से सर्वेश उसके परिवार से रंजिश मान रहा था।
आग की चपेट में आने से महिला झुलसी
मंगलवार देर रात सोनतारा घर में बैठी थी। उसी समय सर्वेश शीशी में पेट्रोल लेकर पहुंचा और सोनतारा पर डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से महिला झुलस गई और आरोपी फरार हो गया। शोरगुल सुनकर पति विजय राठौर घर पहुंचे आग बुझाकर पत्नी को बचाया। आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर
आनन-फानन परिजन उन्हें लेकर सौ शैय्या अस्पताल पहुंचे। घटना की जानकारी पर कोतवाल कपिल दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद सोनतारा को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।