Mahoba: मुठभेड़ में 25000 का इनामिया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली…कई दिनों से चल रहा था फरार, अस्पताल में भर्ती
Mahoba News: कबरई थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ में 25000 के इनामिया अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 13 मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस को कई दिनों से उसकी तलाश थी।
विस्तार
महोबा जिले में थाना कबरई पुलिस और स्वाट टीम ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामिया अपराधी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके पास से तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद की गई है। अपराधी के खिलाफ गैंगस्टर, गुंडा, एनडीपीएस समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष कबरई सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया और स्वाट टीम प्रभारी शिवप्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे। तभी सूचना मिली कि धरौन गांव में सिचौरा पुलिया के पास शातिर अपराधी खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायर किया और बचाव में पुलिस ने भी गोली चलाई।
25 हजार का इनाम था घोषित
इससे आरोपी आशाराम उर्फ अस्सू निवासी हमीरपुर चुंगी महोबा के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को सीएचसी कबरई लाया गया, जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ सिटी दीपक दुबे ने बताया कि आरोपी पर 13 मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक क्रियाकलापों में शामिल होने पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ में आशाराम को गिरफ्तार किया गया है।