‘बजरंगियों’ पर लाठीचार्ज: हनुमान चालीसा पढ़ने पहुंचे कांग्रेस कार्यालय, अधिकारियों ने शांत कराया मामला
Orai News: कांग्रेस कार्यालय में हनुमान चालीसा पढ़ने आए बजरंगियों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पुलिस पहुंची थी। इसके बाद मौके पर पहुंचे आलाधिकारियों ने मामला शांत कराया।
विस्तार
जालौन जिले के उरई में कांग्रेस द्वारा जारी घोषणा पत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा से नाराज कार्यकर्ता ने शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय हनुमान चालीसा पढ़ने पहुंचे। इसके बाद से ही पुलिस ने कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी। सुबह जैसे ही कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया।
वह नहीं माने, तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ते हुए लाठी चार्ज कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। कुछ देर बाद पहुंचे आलाधिकारियों ने मामले को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस ने जारी घोषणा पत्र में पीएफआई के साथ-साथ हिंदू संगठन बजरंग दल को बैन करने की बात घोषणा पत्र में कही गई थी।
इस पर प्रधानमंत्री ने अपने-अपने भाषण में कांग्रेस पर हमला बोला था। इसके बाद से ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह कांग्रेस कार्यालयों में तोड़फोड़ की जा रही है। इसको लेकर शहर में भी बजरंग दल के कार्यकर्ता ने शुक्रवार की सुबह कांग्रेस दफ्तर में हनुमान चालीसा पढ़ने का एलान किया था।
दो-तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
इसके बाद पुलिस फोर्स कार्यालय के बाहर तैनात हो गया था। जैसे ही कार्यकर्ता कार्यालय की तरफ आए, तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। वह नहीं माने, तो पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। इससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने दो तीन कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मामले को शांत कराया।