Hardoi: दीवार गिरने से दबकर मजदूर की मौत, लगातार बजती रही मोबाइल की घंटी, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Hardoi News: संडीला कोतवाली क्षेत्र में दीवार गिरने से मलबे में दबकर मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
हरदोई जिले में संडीला कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इमालियाबाग में एक दीवार गिरने से मलबे में दबकर मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कस्बा के मोहल्ला माकुमकुंआ निवासी रफीक (50) पुत्र अली मोहम्मद मजदूरी कर जीवन यापन करते थे।
शनिवार सुबह घर से काम करने के लिए निकले थे। रात में जब घर नहीं आए, तो परिजनों ने काफी खोजबिन की। हालांकि, उनका पता नहीं चल सका और फोन पर उनकी घंटी लगातार जा रही थी। रविवार सुबह पड़ोसी सरताज ने सूचना दी कि इमालियाबाग में रफीक दीवार गिरने से उसमें दबे हुए मिले हैं।
मौके पर जब हम लोग पहुंचे, तो उनकी पहचान की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बेटे आसिफ ने बताया कि मजदूरी कर जीवन यापन करते थे। वहीं, मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा नाला निर्माण कार्य करवाया जा रहा है।
नाला खोदा दिया गया और निर्माण कार्य नहीं हो रहा
इसके लिए दो माह पहले नाला खोदा दिया गया था और निर्माण कार्य नहीं हो रहा था। इस कारण दीवार धीरे-धीरे कमजोर होती गई। कल शाम को चार बजे डॉ. सुधीर मिश्रा की दीवार गिर गई थी। उस समय तो वहां काम कर रहे सभी मजदूर निकल आए, लेकिन रफीक को किसी ने नहीं देखा।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सभी वहां से चले गए। रविवार की सुबह जब काम करने के लिए सभी मजदूर आए, जब मलबा हटा रहे थे। तभी देखा कि रफीक नीचे दबे पड़े हैं। डॉ. सुधीर मिश्रा ने पुलिस को सूचना दी, तब पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।