कानपुर: शराब पीकर घर आने पर मां ने डांटा, युवक ने फंदा लगाकर दी जान, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Kanpur News: कल्याणपुर (सीएसए परिसर) में शराब की लत को लेकर मां से कहासुनी होने के युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। कल्याणपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
विस्तार
कानपुर में कल्याणपुर के गोबा गार्डन निवासी आशीष यादव (29) शुक्रवार देर रात शराब पीकर घर पहुंचा, तो मां निशा देवी ने उसे डांट दिया। शराब पीने की आदत को लेकर मां ने नाराजगी जताई और दोबारा शराब न पीने के लिए कहा। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। नाराज आशीष दूसरे कमरे में चला गया। शनिवार तड़के मां कमरे में पहुंचीं, तो उसका शव फंदे से लटका मिला।
बेटे का शव देखते ही मां की चीख निकल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चाचा मुलायम सिंह यादव सीएसए में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि आशीष को शराब पीने की लत थी। शुक्रवार रात नशे में घर आने पर मां ने उसे फटकारा था। इसके बाद वह दूसरे कमरे में चला गया। परिजनों को लगा कि वह सोने चला गया है।
फंदे से लटका मिला शव
सुबह निशा देवी ने कमरे में जाकर देखा, तो आशीष फंदे से लटका था। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। आशीष के पिता रामकिशोर यादव की वर्ष 2024 में बीमारी से मौत हो चुकी है। वह भी सीएसए के दलहन विभाग में तैनात थे। परिवार में उनकी पत्नी निशा देवी और बेटा आशीष था। वर्तमान में परिवार दलहन बीज विधान प्लॉट, सीएसए परिसर में रहता था। थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में मां से विवाद के बाद युवक के खुदकुशी करने की बात सामने आई है।