कानपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा: महिला ने होमगार्ड को पीटा, सरेआम जड़े थप्पड़ और खींची वर्दी, छेड़खानी का आरोप
Kanpur News: गुजैनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कारगिल पेट्रोल पंप के सामने नेशनल हाईवे अंडरपास पर एक महिला ने होमगार्ड पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया। वायरल वीडियो में महिला होमगार्ड की वर्दी पकड़कर थप्पड़, लात और घूंसे मारती हुई नजर आ रही है।
विस्तार
कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र में शनिवार को कारगिल पेट्रोल पंप के सामने नेशनल हाईवे अंडरपास पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां एक महिला ने होमगार्ड पर गंभीर आरोप लगाते हुए बीच सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने होमगार्ड की वर्दी पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना कारगिल पेट्रोल पंप के ठीक सामने नेशनल हाईवे अंडरपास के पास की बताई जा रही है।
होमगार्ड को बीच सड़क पर पीटा
आरोप है कि महिला ने होमगार्ड पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि महिला गुस्से में आपा खो बैठी और होमगार्ड को बीच सड़क पर पीटना शुरू कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह महिला गुस्से में लाल होकर होमगार्ड को थप्पड़, लात और घूंसे मार रही है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
इतना ही नहीं, वह उसकी वर्दी भी खींचती हुई नजर आ रही है। इस सरेआम हंगामे और मारपीट को देखने के लिए सड़क पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल, इस मामले में स्थानीय पुलिस वीडियो के आधार पर जांच-पड़ताल में जुट गई है।