कानपुर मौसम अपडेटः मानसूनी हवाएं सक्रिय...आज फिर बारिश की संभावना, तेज हवा चलने के भी आसार, पढ़िए पूरा अपडेट
Weather News: मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस बार मानसूनी बारिश कम हो सकती है। पिछले दो दिनों से पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हवा के कम दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। हालांकि उस हिसाब से बारिश नहीं हो रही है।
विस्तार
कानपुर में मानसूनी हवाओं ने लय तो पकड़ ली है, लेकिन बारिश का सिलसिला बीच-बीच में टूट रहा है। हालांकि मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार सुबह से फिर से दो दिन हल्की बारिश की संभावना है। अनुमान यह भी है कि इस बार मानसूनी बारिश पिछले वर्षों के मुकाबले कम हो सकती है।
सीएसए के डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार पिछले दो दिनों से जिस तरह से पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हवा के कम दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। उस हिसाब से बारिश नहीं हो रही है। मानसूनी बारिश के लिए हवाएं अपने निर्धारित रास्तों अरब सागर से दक्षिण भारत और बंगाल खाड़ी से उत्तर भारत के क्षेत्रों में चल रही हैं।
ऐसा पहली बार हो रहा है, जब मानसूनी हवा के बारिश का सिलसिला आगे नहीं बढ़ रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मानसून में देरी भी हो सकती है। इस बीच शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी की मात्रा अधिकतम 98 और न्यूनतम 63 प्रतिशत रही।
- सुबह के समय 8.6 मिमी बारिश हुई। हवा की रफ्तार पांच किमी प्रति घंटा रही।
- 277.4 मिमी बारिश इस वर्ष मार्च से अब तक हो चुकी है
- 120 मिमी बारिश पिछले एक सप्ताह में दर्ज की गई है।
बारिश के बाद उमस ने किया बेहाल
कानपुर में लगातार 24 घंटे हुई बारिश ने जहां एक ओर आठ डिग्री पारा गिराया। वहीं बारिश थमने के बाद बढ़ी उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक हल्की बूंदाबांदी की आशंका जताई है। वहीं मानसून के आने में अभी करीब चार से पांच दिन का वक्त लग सकता है।