कानपुर मौसम अपडेट: 22 से शुरू हो सकता है बारिश का दौर, बादलों की बढ़ेगी आवाजाही, धूप और उमस पर लगेगा ब्रेक
Weather News: अंडमान सागर में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण एक बार फिर मानसून सक्रिय होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, 20-21 सितंबर से पूर्वांचल में और 22 सितंबर के आसपास कानपुर और आसपास के इलाकों में मध्यम से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
विस्तार
अंडमान सागर में बनने वाले नए कम दबाव के क्षेत्र का असर कानपुर परिक्षेत्र के मौसम पर भी पड़ेगा। इससे 22 सितंबर से बारिश के आसार बन रहे हैं। धीरे-धीरे सुस्त पड़ रहा मानसून फिर सक्रिय हो जाएगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि यह सिस्टम अभी शुरुआती चरण में है।
इसके आगे बढ़ने से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी से होते हुए जब आगे बढ़ेगा तो वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, जौनपुर और गोरखपुर आदि जिलों में में सबसे पहले और सबसे ज्यादा असर दिखेगा।
22 सितंबर के आसपास बारिश की संभावना
इन जनपदों में 20-21 सितंबर के बाद से मध्यम से भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। 22 सितंबर के आसपास कानपुर में भी बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि कानपुर, लखनऊ आदि जिलों में इस समय मानसून की ट्रफ लाइन के कारण हल्की बारिश और तेज उमस बनी हुई है।
हवाओं में नमी बनाए रखेगा नया सिस्टम
इस नए सिस्टम के आने से हवाओं का रुख बदलेगा। बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और उमस से राहत मिलेगी। अंडमान सागर का यह नया सिस्टम हवाओं में नमी बनाए रखेगा, जिसकी वजह से प्रदेश से मानसून की पूरी तरह विदाई आगे खिंच सकती है।
- अधिकतम- 34 डिग्री सेल्सियस।
- न्यूनतम- 25 डिग्री सेल्सियस।