कानपुर मौसम अपडेट: 32 घंटे से झमाझम बारिश, दर्ज हुई 175.4 मिमी बारिश, लोगों को में ठिठुरन का अहसास, अलर्ट जारी
Weather News: कानपुर शहर में बीते 32 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक शहर में रिकॉर्ड 175.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौस्म विभाग ने 27 सितंबर तक 40 से 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
विस्तार
कानपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले 32 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। शनिवार सुबह 8:30 बजे तक शहर में कुल 175.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शनिवार तड़के से ही घने बादलों के बीच झमाझम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं।
मूसलाधार बारिश के चलते शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से छह से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया है, जिससे लोगों को ठंड का अहसास होने लगा है। सीएसए के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने एक अत्यंत मजबूत कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र ने मानसून को विदाई से ठीक पहले प्रदेश में फिर से सक्रिय कर दिया है।
आकाशीय बिजली और मूसलाधार बारिश का अलर्ट
गुरुवार शाम से वायुमंडल में नमी बढ़ने के साथ शुरू हुआ बारिश का यह सिलसिला लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम 25 से 27 सितंबर तक शहर में पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और मध्यम से भारी मूसलाधार बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा चक्रवाती सिस्टम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 27 सितंबर के बाद जब यह चक्रवाती सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा, तब जाकर मौसम साफ होना शुरू होगा। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।