Kanpur: महाराजपुर गंगा घाट पर जलस्तर घटा, कटान ने ध्वस्त किया उन्नाव मार्ग, पुल पर रील बना रहे स्टंटबाज
Kanpur News: महाराजपुर के डोमनपुर गंगा घाट पर जलस्तर घटने के बावजूद कटान तेजी से जारी है, जिससे उन्नाव को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग बह गया है। प्रशासन ने पुल बंद कर दिया है, फिर भी लोग स्टंटबाजी कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर के डोमनपुर गंगा घाट पर जलस्तर में कुछ कमी आई है, लेकिन अब कटान तेजी से हो रहा है। बुधवार सुबह पुरवामीर से गढ़ेवा बारा सगवर उन्नाव को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग भी कटान की चपेट में आकर बह गया।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से धीरे-धीरे हो रहा कटान मंगलवार शाम अचानक तेज हो गया और सड़क का एक बड़ा हिस्सा गंगा में समा गया। स्थानीय प्रशासन ने पुल को पूरी तरह से बंद कर दिया है और दीवार बनाकर आवाजाही रोक दी है।
रील बनाने वालों का लग रहा जमावड़ा
इसके बावजूद, कुछ बाइक सवार पुल पर स्टंट कर रहे हैं और रील बनाने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उन्नाव की तरफ भी मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। पिछले वर्ष से ही यह मार्ग बंद था, लेकिन लोग वैकल्पिक रास्तों से आवाजाही कर रहे थे। इस वर्ष गंगा के रौद्र रूप और कटान ने दोनों ओर के मार्गों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है।