कानपुर: अचानक भरभराकर गिरी दीवार और छत, लकड़ी लेने गईं बुजुर्ग महिला की दबकर मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
Kanpur News: सचेंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लाल शाह का पुरवा गांव में मंगलवार सुबह कमरे में रखी लकड़ी लेने गईं बुजुर्ग महिला के ऊपर कच्ची दीवार और छत भरभराकर गिर गई। करीब 15 मिनट तक मलबे में दबी रहने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
विस्तार
कानपुर में सचेंडी थाना क्षेत्र के लाल शाह का पुरवा में मंगलवार सुबह कच्ची दीवार और छत भरभराकर गिरने से गंगादुलारी (68) की दबकर मौत हो गई। वह कमरे में रखी लकड़ी निकालने गई थीं। अचानक दीवार दरकी और कुछ ही पल में छत उनके ऊपर आ गिरी। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मलबे में दबी गंगादुलारी को बचाने के लिए ग्रामीणों ने हाथों से मलबा हटाना शुरू किया। करीब 15 मिनट बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। लाल शाह का पुरवा निवासी बेटे कुलदीप सिंह ने बताया कि हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पिता कैलाश सिंह की 13 साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। गंगादुलारी के परिवार में बेटा कुलदीप, शशि सिंह, गीता, श्वेता और तीन बच्चे हैं। सूचना पर पहुंची सचेंडी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।