Kanpur Violence: 50 घंटे कस्टडी रिमांड में हुई हयात और उसके साथियों से पूछताछ, उगले बवाल और पत्थरबाजी से जुड़े कई राज
नई सड़क हिंसा में गिरफ्तार मुख्य आरोपी हयात व उसके साथियों ने 50 घंटे की कस्टडी रिमांड में कई राज उगले हैं। इनको सुनकर पुलिस और एजेंसियां भी अचरज में हैं।
विस्तार
कानुपर में नई सड़क बवाल के मामले में मुख्य आरोपी हयात जफर हाशमी और उसके तीन साथियों से पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस कस्टडी में 50 घंटे की पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई राज उगले हैं। बता दें कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुख्य आरोपी हयात और उसके अन्य साथियों को 72 घंटे की रिमांड पर ले रखा था। सोमवार दोपहर पुलिस कस्टडी रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद वापस जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की पूछताछ में हयात ने जांच टीम को बताया है कि उनको फंडिंग कोई और नहीं बल्कि बिल्डर हाजी वसी के द्वारा की गई। साथ ही, कई बड़े बिरयानी दुकानदारों के नाम भी बताए, जो संस्था को फंडिंग करते थे। इसके बाद पुलिस और जांच एजेंसियों बिल्डर और अन्य पर का शिकंजा कसने में लग गई हैं। यही नहीं, पूछताछ में सामने आया है कि बाजार बंदी में शामिल होने के लिए उन्नाव से भी लोग शामिल हुए थे। मोबाइल नंबर की सीडीआर और लोकेशन की मदद से एसआईटी पुष्टि कर रही है।
पत्थर इकट्ठा करने को बनाई थी टीम
नई सड़क पर हुए बवाल के मुख्य आरोपी हयात जफर हाशमी व उसके साथियों ने पूछताछ में पत्थरबाजी से जुड़े कई राज उगले हैं। आरोपियों ने जुमे से दो दिन पहले बवाल की रणनीति बनाए जाने की बात कबूल की है। वहीं पथराव के लिए निर्माणाधीन इमारतों को पत्थर का डंपिंग सेंटर बनाया था। ईंट-पत्थरों को कई इमारतों की छतों पर पहुंचाने का जिम्मा एक टीम को दिया गया था। अब तक की पूछताछ में 42 अपराधियों के नाम सामने आए हैं। जबकि पुलिस की रिपोर्ट में अभी तक 12 नाम आए हैं।
घटना स्थल ले जाए गए आरोपी
बवाल की जांच में जुटी एसआईटी कस्टडी रिमांड पर लिए गए हयात और उसके साथियों को दादामियां चौराहा और घटना स्थल पर ले गई, जहां से हयात बवाल होते ही भाग निकला था।