यूपी: पैर फिसला या संभव से हुई मारपीट? शरीर पर खरोंचने-रगड़ के निशान, कानपुर अपार्टमेंट कांड...इनसाइड स्टोरी
Kanpur Rudra Greens Apartment Incident: बिठूर रोड स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की छठी मंजिल से नीचे गिरने से कागज कारोबारी के इकलौते बेटे की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। वह अपार्टमेंट में रहने वाली अपनी फ्रेंड से मिलने गया था। हत्या, हादसा और आत्महत्या के बिंदुओं पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम छानबीन कर रही है।
विस्तार
कानपुर में बिठूर रोड की बड़ी रेजीडेंसी में शुमार रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की छठी मंजिल से संदिग्ध हालत में गिरे कागज कारोबारी के बेटे संभव की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन का आरोप, संभव के मोबाइल के व्हाट्सएप की पिछली चैट डिलीट मिली हैं। शनिवार को लड़की ने दो बजे आखिरी मैसेज किया है कि डोंट कम...। इसी के बाद उसके नीचे गिरने की जानकारी मिली। पुलिस हत्या, हादसा और आत्महत्या तीनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक, संभव अपार्टमेंट पहुंचा है, जहां उसके साथ मारपीट की गई है।
इसके बाद उसे नीचे फेंक दिया गया। मैसेज की जानकारी मिलने के बाद अपार्टमेंट वासी आशंका जाहिर कर रहे हैं कि कहीं ऐसा तो नहीं संभव और लड़की के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हुआ हो जिसके चलते उसने छलांग लगा दी। हालांकि लड़की के परिजन कह रहे हैं कि वालीबॉल खेलते हुए संभव का पैर फिसल गया। ऐसे में पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई है। एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह के मुताबिक, आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकालने का प्रयास किया जाएगा, ताकि हकीकत सामने आ सके।
साढ़े तीन फीट की ही है रेलिंग
छठे माले में जिस जगह से संभव नीचे गिरा है, उसकी रेलिंग सिर्फ साढे तीन से चार फीट की ही है जो अपेक्षाकृत छोटी है। यही कारण है कि टॉवर टू के कई फ्लैट मालिकों ने बालकनी को स्टील और लोहे के तारों से भी ढक रखा है।
मैं आगे बढ़ा ही था कि धड़ाम से नीचे आ गिरा संभव
अपार्टमेंट के टॉवर वन में रहने वाले प्रत्यक्षदर्शी अनिल विज ने बताया कि दोपहर को मैं भूतल में टहल रहा था, टॉवर टू के सामने से गुजरा, दस कदम ही आगे बढ़ा था कि अचानक धड़ाम से आवाज आई। पीछे देखा तो लड़का जमीन पर पड़ा हुआ था, उसके बाहरी रक्तश्राव नहीं था, हालांकि वह अचेत हो गया था। लोगों ने होश में लाने की कोशिश की..कोई हलचल न होने पर उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, वहां से पारस हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां 20 मिनट बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
25 मार्च को रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की गिरकर हो चुकी है मौत
इसी अपार्टमेंट के टॉवर तीन के 8 बी में रहने वाले एयरफोर्स के सेवानिवृत्त कर्मी शगुन कटियार (42) की गिरकर मौत हो गई थी। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम को बालकनी में हाथों के निशान मिले थे।
ये था पूरा मामला
बिठूर के रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट की छठी मंजिल से नीचे गिरने से शनिवार दोपहर मशहूर कागज कारोबारी के इकलौते बेटे की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक अपार्टमेंट में रहने वाली अपनी फ्रेंड से मिलने पहुंचा था। आनन-फानन में लोग उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कुछ देर में मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। साक्ष्य संकलन के बाद शव को मोर्चरी भिजवाया गया। परिजन ने अपार्टमेंट से धक्का देने का आरोप लगाया है।
एक दोस्त से मिलने जाने की बात कह कर घर से निकला था
कौशलपुरी के आरके नगर निवासी विशाल खंडेलवाल का गुरू पेपर हाउस के नाम से कागज का बड़ा कारोबार है। परिवार में पत्नी प्रीती और इकलौता बेटा संभव खंडेलवाल(22) है। बेटी काव्या का विवाह हो चुका है। संभव व्यापार में सहयोग करता था। परिजन के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे संभव कार लेकर एक दोस्त से मिलने जाने की बात कह कर घर से निकला था। दोपहर तीन बजे संभव के मोबाइल से किसी ने फोन कर सूचना दी कि वह अपार्टमेंट की बालकनी से गिर गया है। पारस अस्पताल में भर्ती है। आनन-फानन मौके पर पहुंचे, तब तक संभव की मृत्यु हो चुकी थी।
लड़की का मामा बोला, तेल में पैर फिसलने से नीचे गिरे
रुद्राग्रीन्स अपार्टमेंट निवासी मेटल कारोबारी टॉवर टू की छठी मंजिल के फ्लैट में रहते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा बेटा है, जबकि उनकी विवाहित बेटी भी मायके में रहती है। जिसके दो बच्चे हैं। 18 वर्षीय बेटी मुंबई से बीसीए कर रही है। एक छोटा बेटा भी है। लड़की के मामा के मुताबिक, संभव की उसकी भांजी से मित्रता थी। कई बार वह मिलने के लिए अपार्टमेंट आता था। दिवाली पर भांजी मुंबई से घर आई थी, जिसके चलते संभव भी अक्सर फ्लैट में आ रहा था।
बॉल पकड़ने के प्रयास में हुआ हादसा
शनिवार दोपहर घर पर मामा-भांजी और भांजा थे। जबकि अन्य लोग काम के सिलसिले में बाहर गए थे। सभी लोग कॉफी पीने जाने का प्लान कर रहे थे। इसी दौरान संभव और छोटा भांजा दोनों फ्लैट में बॉलीवॉल खेलने लगे। बॉल बालकनी की ओर गई, तो संभव ने दौड़ कर पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान बालकनी के पास दिवाली में रखी गई दिया से फैले तेल में संभव का पैर पड़ा और वह फिसल कर नीचे आ गिरा। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरोप- संभव के साथ मारपीट हुई, डाटा डिलीट हुआ
संभव के परिजन का आरोप है कि उसके दाहिने पैर में रगड़ जबकि कमर, पीठ और हाथ में खरोंचने के निशान हैं। यही नहीं संभव और लड़की के बीच हुई बातचीत का डाटा भी डिलीट मिला है। लड़की ने करीब दो बजे संभव को आखिरी मैसेज किया है डोंट कम(मत आओ)। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
पुलिस व फॉरेंसिक ने साक्ष्य संकलित किए हैं। लड़की के परिजन पैर फिसलने के बाद हादसा बता रहे हैं। संभव के परिजन ने धक्का देने का आरोप लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -एसएम कासिम आबिदी, डीसीपी वेस्ट
