Kanpur Violence: हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया बिल्डर वसी, मिलने वालों की बन रही है सूची
नई सड़क उपद्रव की साजिश में शामिल बिल्डर हाजी वसी को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। यही नहीं, वसी से मिलने वालों की भी सूची बनाई जा रही है। इसके लिए एलआईयू की ड्यूटी लगी है, जिसकी रिपोर्ट पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी जा रही है।
विस्तार
कानपुर जेल में बिल्डर वसी से मिलने कौन कौन पहुंच रहा है। इसके बारे में भी पुलिस प्रशासन पूरी जानकारी जुटा रहा है। वसी से मिलने वालों पर निगरानी करने के लिए एलआईयू अफसरों की जेल के बाहर ड्यूटी लगाई गई है। उससे मिलने वालों की प्रतिदिन डीटेल इकट्ठा की जाती है। इसकी जानकारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को प्रतिदिन दी जाती है।
बिल्डर वसी को हाई सिक्योरिटी बैरक में रखा गया है। उसकी निगरानी कराई जा रही है। जेल में उससे मिलने वालों को भी अकेले मिलने की इजाजत नहीं है। उस दौरान जेल प्रशासन में तैनात सिपाही मौके पर मौजूद रहते हैं। इधर वसी से कौन कौन मिलने पहुंच रहा है, इसकी भी निगरानी कराई जा रही है।
जेल सूत्रों के अनुसार सप्ताह में बिल्डर वसी से छह से सात लोग मिलने पहुंचते हैं। सबकी मिलाई खत्म होने के बाद तय समय सीमा में उन्हें जाली पर ही मिलवाया जाता है। जेल सूत्रों के मुताबिक अभी तक कोई संदिग्ध व्यक्ति उससे मिलने नहीं आया है। ज्यादातर परिवार के लोग ही उससे मिलने आए हैं।
एलआईयू नोट करती है नाम पता
जेल के बाहर एलआईयू अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। बिल्डर वसी से जो भी मिलने आते हैं उनके नाम पते और फोन नम्बर को नोट किया जाता है। उसकी एक रिपोर्ट प्रतिदिन उच्च अधिकारियों को भी भेजी जाती है।