कानपुर: विवि की सेमेस्टर परीक्षाएं 14 से, 399 केंद्रों पर 4.50 लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा, प्रवेश पत्र जारी
Kanpur News: सीएसजेएमयू की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 14 नवंबर से शुरू होंगी, जिसके लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश भर के 399 केंद्रों पर तीन पालियों में होने वाली इस परीक्षा में करीब 4.50 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे।
विस्तार
कानपुर में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की विषम सेमेस्टर और अन्य परीक्षाएं 14 नवंबर से शुरू होंगी। परीक्षा में करीब 4.50 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 399 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 56 केंद्रों को मॉडल केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र भी जारी कर दिए गए हैं।
सीएसजेएमयू से संबद्ध करीब 600 महाविद्यालयों में परीक्षाओं की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा में वोकेशनल, माइनर और को-करिकुलर विषयों के प्रश्न बहुविकल्पीय होंगे। इन विषयों की परीक्षा एमसीक्यू (मल्टीपल च्वाइस क्वेश्चन) प्रारूप में कराई जाएगी। माइनर और को-करिकुलर की परीक्षा डेढ़ घंटे और वोकेशनल की एक घंटे की होगी। मेजर विषयों की लिखित परीक्षा के लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी।
परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा
पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक और तीसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक होगी। तीनों पालियों के लिए अलग-अलग समय सारिणी के अनुसार परीक्षार्थियों को केंद्रों पर पहुंचना होगा। परीक्षा को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए 56 केंद्रों को मॉडल केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधाओं के साथ परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रवेश पत्र में केंद्र और विषय जांचें छात्र
सभी 399 केंद्रों पर परीक्षा के संचालन के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और अनुशासन बनाए रखने के लिए भी तैयारी की जा रही है। विवि ने परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा में शामिल होने से पहले अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें। उसमें परीक्षा केंद्र, विषय और परीक्षा की तिथि व पाली की जानकारी अच्छी तरह जांच लें।