कानपुर सॉल्वर गैंग: STF के गवाह पर बयान बदलने का दबाव, ब्लैकमेल कर दो लाख रुपयों की मांग, रिपोर्ट दर्ज
Kanpur News: पिछले साल राजस्व लेखपाल परीक्षा में डीपीएस नगर निगम इंटर कॉलेज से सॉल्वर पकड़ा गया था। अब गैंग एसटीएफ के गवाह पर बयान बदलने का दबाव बना रहा है। मामले में प्रधानाचार्य ने नवाबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
कानपुर में उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से कराई गई राजस्व लेखपाल मुख्य परीक्षा में कानपुर से पकड़े गए सॉल्वर गिरोह के सदस्यों ने स्पेशल टास्क फोर्स के गवाह पर बयान बदलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया है। डीपीएस नगर निगम इंटर कॉलेज नवाबगंज के प्रधानाचार्य नंद किशोर मिश्र ने इसको लेकर नवाबगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नंद किशोर का आरोप है कि काकादेव की कोचिंग मंडी के कुछ लोग उन्हें बयान बदलने के लिए कह रहे हैं। साथ ही कुछ यू-ट्यूब पत्रकारों के जरिये ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये की मांग की जा रही है। प्रधानाचार्य का आरोप है कि 31 जुलाई 2022 की जिस परीक्षा में सॉल्वर गिरोह के सदस्यों को एसटीएफ ने पकड़ा था। उनमें से एक करण कुमार के साथी काकादेव कोचिंड मंडी में रहते हैं।
ब्लूटूथ और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ा था
बता दें, एसटीएफ ने 31 जुलाई को परीक्षा के दौरान करन कुमार को ब्लूटूथ और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ा था। एसटीएफ की निशानदेही पर नंद किशोर ही करन को कमरे से लेकर आए थे। ऐसे में वे इस मामले में गवाह भी हैं। एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि सॉल्वर गैंग के सदस्य शहरों की कोचिंग मंडी में सक्रिय हैं। वहीं से वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों से संपर्क करते हैं।