कानपुर: मेडिकल कॉलेज के नौ डॉक्टर कोरोना संक्रमित, ओपीडी बंद करने की नौबत
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के नौ डॉक्टर कोरोना संक्रमित हो गए हैं। कई डॉक्टरों को रिपीट इंफेक्शन हुआ है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला का कहना है कि अगर ऐसी ही स्थिति रही तो ओपीडी बंद करनी पड़ेगी। अभी रोगियों की संख्या कम करके काम चलाया जा रहा है।
विस्तार
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला का कहना है कि अगर ऐसी ही स्थिति रही तो ओपीडी बंद करनी पड़ेगी। अभी रोगियों की संख्या कम करके काम चलाया जा रहा है। स्टाफ उपलब्ध कराने के संबंध में शासन को भी अवगत कराया गया है। अब तक लगभग डेढ़ सौ स्टाफ कोरोना की चपेट में आ चुका है।
हैलट में ओपीडी में सर्जरी और मेडिसिन विभाग में रोगी देखने का लक्ष्य एक तिहाई कर दिया गया है। वहां प्रतिदिन अभी सौ-सौ रोगी देखे जा रहे हैं। ईएनटी, बालरोग, अस्थि रोग समेत विभिन्न विभागों में 50-50 रोगी देखे जा रहे हैं।
सीनियर फैकल्टी के साथ रेजीडेंट डॉक्टरों के कोरोना की चपेट में आने से क्लीनिशियन की संख्या कम हो रही है। डॉक्टर ओपीडी के अलावा इमरजेंसी में भी रोगी देख रहे हैं। डॉक्टरों की कमी से ओटी की संख्या कम कर दी गई है।
जरूरी रोगियों के ही इमरजेंसी में ऑपरेशन किए जा रहे हैं। डॉ. काला का कहना है कि स्टाफ की कमी से दिक्कत हो रही है। हैलट और संबद्ध अस्पतालों में कोविड और नॉन कोविड दोनों तरह के रोगी देखे जा रहे हैं। इससे भी लोड बढ़ा हुआ है।