बिल्हौर। सिंचाई विभाग ने शिवराजपुर रजबहे और नदीहा-दुबियाना माइनरों से सिल्ट सफाई का काम शुरू किया। सफाई कार्य दो सप्ताह में पूर्ण होने के बाद रबी फसल के लिए किसानों को भरपूर पानी मिल सकेगा।
तहसील क्षेत्र की प्रमुख नहर लोअर गंगा कैनाल के खरपतपुर झाल से शिवराजपुर रजबहा निकला है, इसी से बैड़ी त्रिपुला से दुबियाना और नदीहा माइनर भी निकले हैं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता जीसी अग्रवाल ने बुधवार को बैड़ी पहुंचकर सिल्ट सफाई का काम शुरू करवाया। सिंचाई विभाग के अधिकारी-कर्मियों ने बताया कि निचली गंग नहर से इलाके के कई रजबहों, माइनरों और नालियों में सिल्ट आने से टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए सफाई का काम शुरू किया गया है। शिवराजपुर रजबहे की करीब 48 किमी, नदीहामाइनर की करीब 14 किमी. और दुबियाना माइनर की करीब 20 किमी. की सिल्ट सफाई का आरंभ किया गया जो दो सप्ताह में पूरी होने की संभावना है। सिंचाई विभाग के अफसरों ने किसानों से सफाई पर नजर रखने और उचित तरीके से कार्य कराने की अपील की।