UP: नवी मुंबई के लिए नई फ्लाइट इसी माह से, अहमदाबाद और पुणे के लिए भी जल्द, इसी महीने जारी हो सकता है शेड्यूल
Kanpur News: चकेरी एयरपोर्ट से इसी माह के अंत तक नवी मुंबई के लिए इंडिगो की नई फ्लाइट शुरू होगी। फरवरी में अहमदाबाद और पुणे के लिए भी हवाई सेवा शुरू होने की संभावना है।
विस्तार
कानपुर में नए साल की शुरुआत के साथ ही कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने वाली है। इंडिगो एयरलाइंस इसी माह के अंत तक कानपुर से नवी मुंबई के लिए एक नई फ्लाइट शुरू करने जा रही है। इस नई उड़ान के शुरू होने से यात्रियों को खासी सहूलियत मिलेगी क्योंकि अब उन्हें नवी मुंबई जाने के लिए मुंबई से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री और इंडिगो एयरलाइंस के बीच इस नई फ्लाइट को लेकर सहमति बन गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। वर्तमान में इंडिगो की कानपुर से मुंबई के लिए रोजाना केवल एक फ्लाइट संचालित होती है। नई फ्लाइट के जुड़ने से कानपुर एयरपोर्ट पर कुल उड़ानों की संख्या पांच हो जाएगी।
कानपुर एयरपोर्ट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम
नवी मुंबई के अलावा, अहमदाबाद और पुणे के लिए भी फ्लाइट शुरू करने के लिए मंथन चल रहा है। इन दोनों शहरों के लिए फ्लाइट संभवतः फरवरी माह से शुरू हो सकती हैं, जिसका शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा। यह विस्तार कानपुर एयरपोर्ट के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्रीय उड्डयन राज्यमंत्री और इंडिगो एयरलाइंस के बीच बातचीत के बाद सहमति जारी हो गई है। जनवरी माह के अंत तक नवी मुंबई के लिए नई फ्लाइट का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। अहमदाबाद और पुणे की फ्लाइट के लिए भी विचार-विमर्श चल रहा है। -प्रदीप यादव, एयरपोर्ट निदेशक