Kanpur: खाद्य निरीक्षक पर जबरन उगाही का आरोप, व्यापारी ने दी तहरीर…CCTV फुटेज सौंपकर कार्रवाई की मांग
Kanpur News: खाद्य निरीक्षक अनिल पाल ने बताया कि वह अधिकारियों के आदेश पर सिर्फ जांच करने गए थे, बाकी आरोप निराधार है। महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि व्यापारी की तरफ से तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल क्षेत्र में तैनात खाद्य निरीक्षक पर जबरिया उगाही का गंभीर आरोप सामने आया है। आयुष जनरल स्टोर के संचालक राजेश गुप्ता ने महाराजपुर थाने में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि खाद्य निरीक्षक और उसके सहयोगी धमकाकर अवैध वसूली कर रहे हैं। व्यापारी ने बताया कि निरीक्षक दुकान पर आकर धमकाते हैं और सहयोगी सेटिंग के नाम पर राशि मांगता है।
व्यापारी का कहना है कि उसने छह हजार रुपये नकद, चार हजार रुपये ऑनलाइन और पांच सौ रुपये ड्राइवर को दिए, जिसके बाद सैंपलिंग की कार्रवाई रोक दी गई। व्यापारी ने आशंका जताई कि भविष्य में अधिकारी किसी भी प्रकार की कमी निकालकर सैंपल भर सकते हैं, जिससे आर्थिक नुकसान होगा। व्यापारी नेता महेश वर्मा ने कहा कि किसी भी अधिकारी को उत्कोच देने की आवश्यकता नहीं है और व्यापारी का शोषण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
व्यवस्था से तंग आकर शिकायत दर्ज कराई
उन्होंने बताया कि सरसौल में तैनात खाद्य निरीक्षक के विरुद्ध थाने में शिकायती पत्र दिया गया है। पीड़ित व्यापारी ने कहा कि वह लंबे समय से उगाही से परेशान था और अब व्यवस्था से तंग आकर उसने खुलकर शिकायत दर्ज कराई है। आदर्श व्यापार मंडल ने अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन संजय सिंह को विभागीय कार्रवाई के लिए सीसीटीवी फुटेज और पैसों का स्क्रीनशॉट व्हाट्सएप पर भेजा है।