Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   General public entry to Trade Fair begins tomorrow find out everything from timings and tickets to parking

कैसे पहुंचे भारत मंडपम?: ट्रेड फेयर में कल से आम लोगों की एंट्री, टाइमिंग-टिकट से लेकर पार्किंग तक जानें सबकुछ

Wed, 18 Nov 2026 09:16 PM IST
अनुज कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली
संवाद न्यूज एजेंसी, नई दिल्ली Published by: अनुज कुमार Updated Wed, 18 Nov 2026 09:16 PM IST
सार

भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला गुरुवार से आम लोगों के लिए खुल रहा है। यह मेला 19 से 27 नवंबर तक भारत मंडपम में चलेगा। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लोगों को यहां खरीदारी और मनोरंजन का अवसर मिलेगा। यहां जानें सबकुछ

विज्ञापन
General public entry to Trade Fair begins tomorrow find out everything from timings and tickets to parking
व्यापार मेला में खरीदारी करते लोग - फोटो : जी पाल

विस्तार

पांच दिन तक कारोबारियों और व्यापारिक प्रतिनिधियों के लिए आरक्षित रहने के बाद 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के दरवाजे बृहस्पतिवार से आम लोगों के लिए खुल जाएंगे। 19 से 27 नवंबर तक दिल्ली-एनसीआर के लोग भारत मंडपम में देश-दुनिया के उत्पादों, हस्तशिल्प, कपड़ों, खानपान और मनोरंजन का आनंद उठा सकेंगे। इस बार मेले में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा 11 देशों की भागीदारी है। 17 हॉल में 3500 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पाद और सेवाएं पेश कर रहे हैं।

विज्ञापन


मेट्रो से पहुंचना होगा आसान
दिल्ली के अलावा नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद से भी बड़ी संख्या में परिवारों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में दर्शकों के लिए सबसे जरूरी जानकारी यह है कि किस मेट्रो लाइन से पहुंचना आसान रहेगा, कहां मेट्रो बदलनी होगी और निजी वाहन लेकर आने पर पार्किंग कहां मिलेगी। यातायात के दबाव को देखते हुए मेट्रो से सफर करना बेहतर विकल्प रहेगा।
विज्ञापन


नोएडा व ग्रेटर नोएडा से ऐसे पहुंचे
नोएडा के अलग-अलग सेक्टरों से आने वाले लोग ब्लू लाइन के जरिये सीधे सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पहुंच सकते हैं। नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी, सेक्टर-52, नोएडा सिटी सेंटर और बॉटनिकल गार्डन की तरफ से आने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधाजनक विकल्प है।
विज्ञापन
विज्ञापन


ग्रेटर नोएडा के लोगों को एक्वा लाइन से सेक्टर-51 स्टेशन पहुंचना होगा। वहां से सेक्टर-52 ब्लू लाइन स्टेशन तक पैदल कनेक्शन लेकर सुप्रीम कोर्ट स्टेशन पहुंच सकते हैं। नोएडा एक्सटेंशन के लोगों के लिए भी नजदीकी मेट्रो स्टेशन तक ऑटो या बस से पहुंचकर आगे का सफर मेट्रो से करना सुविधाजनक रहेगा।

गाजियाबाद और वैशाली से आने वालों का रास्ता
वैशाली से ब्लू लाइन की मेट्रो लेकर सुप्रीम कोर्ट स्टेशन पहुंचा जा सकता है। कौशांबी और आनंद विहार से आने वाले लोग भी आनंद विहार स्टेशन से ब्लू लाइन पकड़ सकते हैं। गाजियाबाद के जिन यात्रियों के लिए नमो भारत (आरआरटीएस) सुविधाजनक है, वे आनंद विहार के कनेक्शन से आगे दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं। यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन और इंटरचेंज की जानकारी जरूर जांच लें।

गुरुग्राम से आने वालों को बदलनी होगी मेट्रो
गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर और हुडा सिटी सेंटर क्षेत्र से आने वाले यात्री येलो लाइन से राजीव चौक पहुंचें। यहां ब्लू लाइन बदलकर सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन उतर सकते हैं। साइबर सिटी और आसपास के इलाकों से आने वाले लोग भी येलो लाइन के जरिये यही रास्ता अपना सकते हैं।

फरीदाबाद और बल्लभगढ़ से ऐसे पहुंचें
फरीदाबाद, बदरपुर और बल्लभगढ़ से आने वाले लोग वायलेट लाइन से मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पहुंचें। यहां ब्लू लाइन बदलकर सुप्रीम कोर्ट स्टेशन उतर सकते हैं। इस तरह सड़क पर लगने वाले जाम से बचते हुए व्यापार मेले तक पहुंचा जा सकता है।

मेट्रो स्टेशन से मेले तक पहुंचने की सुविधा
सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन भारत मंडपम का सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन है। यहां से पैदल निर्धारित प्रवेश द्वार तक पहुंचा जा सकता है। आईटीपीओ ने दिल्ली मेट्रो के साथ मिलकर दर्शकों के लिए शटल बसों और अन्य परिवहन सुविधाओं की व्यवस्था की है। मंडी हाउस समेत संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध शटल सेवा की जानकारी लेकर दर्शक इसका लाभ उठा सकते हैं। आईआईटीएफ के मोबाइल एप में स्थान का नक्शा और शटल मार्ग की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।

कार से आने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
जो लोग परिवार के साथ अपनी कार या दोपहिया वाहन से पहुंचना चाहते हैं, उनके लिए निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इनमें आईटीपीओ बेसमेंट पार्किंग, भैरों मंदिर पार्किंग और भारत मंडपम बेसमेंट-2 शामिल हैं।

आईटीपीओ बेसमेंट पार्किंग तक भैरों मार्ग-रिंग रोड सुरंग से पहुंचा जा सकता है। भारत मंडपम बेसमेंट-2 के लिए प्रगति सुरंग और मथुरा रोड अंडरपास-4 का रास्ता निर्धारित है। पार्किंग की उपलब्धता भीड़ के अनुसार बदल सकती है। इसलिए वाहन लेकर निकलने से पहले व्यवस्था की जानकारी जरूर लें।

गेट देखकर ही घर से निकलें
आम दर्शकों के लिए सामान्य प्रवेश व्यवस्था के तहत भैरों मार्ग की तरफ गेट नंबर 3 और 4 तथा मथुरा रोड की तरफ गेट नंबर 6 और 10 निर्धारित किए गए हैं। हालांकि 19 नवंबर को विशेष यातायात प्रतिबंध के कारण गेट नंबर 6, 7 और 9 पर आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पहले दिन आने वाले दर्शक गेट नंबर 3, 4 और 10 का इस्तेमाल करें। टिकट पर दर्ज गेट और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

कैब और ऑटो से आने वालों के लिए भी व्यवस्था
कैब और ऑटो से आने वाले दर्शकों के लिए भैरों मार्ग के दोनों ओर 25 निर्धारित पिकअप प्वाॅइंट बनाए गए हैं। दर्शकों को इन्हीं स्थानों से वाहन लेना और छोड़ना होगा। प्रवेश और निकास द्वार के सामने वाहन रुकवाने से जाम लग सकता है। इसलिए निर्धारित पिकअप प्वाॅइंट का इस्तेमाल करें।

टिकट और समय की पूरी जानकारी
आम दर्शकों के लिए टिकट की कीमत सप्ताह के दिनों और सप्ताहांत के अनुसार अलग रखी गई है। सोमवार से शुक्रवार तक वयस्कों का टिकट 100 रुपये और बच्चों का 50 रुपये होगा। शनिवार और रविवार को वयस्कों के लिए 200 रुपये और बच्चों के लिए 100 रुपये का टिकट रहेगा।

टिकट ऑनलाइन, आईआईटीएफ के आधिकारिक मोबाइल एप और दिल्ली मेट्रो के 55 निर्धारित स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन टिकट बिक्री के 55 स्टेशनों में शामिल नहीं है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को वैध सरकारी पहचान पत्र पर सामान्य दर्शक दिवसों में निशुल्क प्रवेश मिलेगा। मेला सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक खुला रहेगा। आम दर्शकों के लिए अंतिम प्रवेश शाम 5:30 बजे तक होगा।

मेले में खरीदारी के साथ मनोरंजन भी
इस बार मेले की थीम विकास और विरासत है। यहां राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, घरेलू सामान, खानपान और विदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी होगी। हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में भारतीय स्टार्टअप के नवाचार देखने को मिलेंगे। एक जिला एक उत्पाद के तहत अलग-अलग राज्यों के स्थानीय उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। सात स्थानों पर 87 सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कुछ विशेष कार्यक्रमों के लिए अलग टिकट लेना होगा, जबकि अन्य राज्यों की कई प्रस्तुतियां मेले के प्रवेश टिकट में शामिल होंगी।


एनसीआर से आने वालों के लिए सलाह
सप्ताहांत पर भीड़ बढ़ सकती है। इसलिए सुबह पहुंचने की योजना बनाएं, टिकट पहले से बुक करें और निजी वाहन की जगह मेट्रो को प्राथमिकता दें। इससे समय और पार्किंग की परेशानी दोनों से बचा जा सकता है।

मेला- 19–27 नवंबर
समय-सुबह 10 से शाम 7:30
वयस्क टिकट-100/200 रुपये
बच्चों का टिकट- 50/100 रुपये
नजदीकी मेट्रो- सुप्रीम कोर्ट
अंतिम प्रवेश- शाम 5:30 बजे
यातायात हेल्पलाइन: 1095

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed