Kanpur Fire: जनता टॉवर में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, मचा हड़कंप…बाहर भागे लोग, दमकल ने पाया काबू
Kanpur News: हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट से जनता टॉवर में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
विस्तार
कानपुर में माल रोड क्षेत्र के एक्सप्रेस रोड में स्थित जनता टॉवर के बाहरी हिस्से में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। भीड़भाड़ वाले इलाके में आग से हड़कंप मच गया और चार मंजिला टॉवर से लोग आनन फानन बाहर भागे। दमकल की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र की है। यहां सागर मार्केट के सामने जनता टॉवर के बाहरी हिस्से में लगी फाइबर शीट में आग लग गई। आग टॉवर की दूसरी मंजिल पर लगी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। वहीं, पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट कर जन सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।