Kanpur Dehat: पुखरायां CHC पहुंचे प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, बोले- मरीजों को न हो कोई असुविधा
अमरौधा विकास खंड के कल्ला गांव स्थित हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर पहुंच कर प्रमुख सचिव ने जांच की। इसके बाद स्वयं हीमोग्लोबिन की जांच कराई। इसके बाद हरदुआ में टीकाकरण का निरीक्षण किया। कल्ला गांव स्थित सेंटर में सीएचओ श्वेता सचान मौजूद मिलीं।
विस्तार
कानपुर देहात में प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा ने शनिवार को सीएचसी पुखरायां का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मरीजों से बातचीत की। सीएचसी प्रभारी को साफ-सफाई और सीएचसी में आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव सबसे पहले आयुष्मान कक्ष का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां गर्मी अधिक होने के कारण एसी लगवाने के निर्देश दिए। अस्पताल की साफ-सफाई देखी। इस पर और ध्यान देने के निर्देश दिए। उसके बाद दवा वितरण कक्ष देखा और चीफ फार्मासिस्ट रमाशंकर से प्रमुख दवाओं के संबंध में जानकारी ली।
कहा कि गर्मी के मौसम में मरीज ज्यादा आते हैं। दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए। इमरजेंसी कक्ष के रजिस्टर का अवलोकन किया। पीकू वार्ड में व्यवस्थाएं देख प्रसन्न हुए। महिला वार्ड देख कर सीएचसी अधीक्षक अनूप सचान को सफाई पर विशेष ध्यान देने व रोज चादरों को बदलने के निर्देश दिए।
वार्ड में मौजूद चौकी गांव की पूजा, अटवा की प्रियांशी से बातचीत कर सुविधाओं के बारे में जाना। पैथोजॉली कक्ष में जांचों के संबंध में जानकारी ली। एक्सरे कक्ष में मौजूद राहुल से एक्सरे कराए जाने के संबंध में पूछा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकार पैसा दे रही है।
वह पैसा उपयुक्त कार्यों में लगे जिससे मरीजों को उसका लाभ मिले। उनके साथ एडी हेल्थ डॉ. सरोज, सीएमओ डॉ. एकेसिंह भी थे। सीएचसी में डॉ. राजवीर सिंह, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. प्रीती, डॉ. आरती, फार्मासिस्ट पंकज गुप्ता, अजय शुक्ल, संदीप सचान, राजेश, रमेश, राजू सहित स्टाफ मौजूद रहा।
कल्ला हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का किया निरीक्षण
अमरौधा विकास खंड के कल्ला गांव स्थित हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर पहुंच कर प्रमुख सचिव ने जांच की। इसके बाद स्वयं हीमोग्लोबिन की जांच कराई। इसके बाद हरदुआ में टीकाकरण का निरीक्षण किया। कल्ला गांव स्थित सेंटर में सीएचओ श्वेता सचान मौजूद मिलीं। उनसे पूछताछ के बाद रजिस्टर का अवलोकन किया। कहा कि जनता को सही जांच और इलाज मिले यही सरकार की प्राथमिकता है।
इसमें सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को खरा उतरना है। हरदुआ के टीकाकरण सेंटर में एएनएम बिटोल कुमारी और आशा ममता मौजूद मिलीं। यहां टीका लगवाने के लिए कोई नहीं पहुंचा था। आशा ने बताया कि वह गांव में टीकाकरण के लिए महिलाओं व बच्चों को बुलाने गईं थीं। लोग अपना काम निपटाने के बाद टीका लगवाने आएंगे।