Kanpur Dehat: शराब के नशे में भतीजे ने चाची की पीट-पीटकर की हत्या, दो माह की थी गर्भवती…आरोपी फरार
Kanpur Dehat News: जसापुर में गुरुवार रात शराब के नशे में भतीजे ने दो माह की गर्भवती चाची को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने पति की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर देहात में मंगलपुर थाना क्षेत्र के जसापुर में गुरुवार की देर रात भतीजे ने शराब के नशे में चाची के साथ मारपीट कर दी। नाक में घूंसा मारने से उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर साक्ष्य जुटाए। जसापुर निवासी राजू कठेरिया ने पुलिस को बताया कि वह जयपुर में प्राइवेट नौकरी करता है।
दिवाली पर छुट्टी लेकर 19 अक्तूबर को पत्नी मोहिनी (35) के साथ गांव आया था। गुरुवार की रात डेढ़ बजे भतीजे कृष्णा उर्फ शिवम ने शराब पीकर पत्नी को गालियां देने लगा। इस पर पत्नी ने विरोध किया, तो उसने मारपीट शुरू कर दी। चेहरे पर कई वार करने से उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद वह भाग गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी दो माह की गर्भवती थी। इधर घटना की जानकारी पर थानाध्यक्ष मंगलपुर महेश कुमार पुलिस, डेरापुर क्षेत्राधिकारी राजीव सिरोही मौके पर पहुंच कर जानकारी की। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। सीआे राजीव सिरोही ने बताया कि पति की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपी की तलाश की जा रही है।