फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Hamirpur Chairperson Dispute: Former SP and Current BJP Chairperson Clash Over Drain Construction

यूपी: हमीरपुर में नाली निर्माण को लेकर पूर्व सपा और वर्तमान भाजपा चेयरमैन भिड़ीं, सड़क पर हुई हाथापाई

Thu, 10 Sep 2026 07:29 PM IST
प्रसून शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला,हमीरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला,हमीरपुर Published by: प्रसून शुक्ला Updated Thu, 10 Sep 2026 07:29 PM IST
सार

Hamirpur News: नाली निर्माण को लेकर हमीरपुर में पूर्व सपा चेयरमैन माया वाल्मीकि और वर्तमान भाजपा चेयरमैन आशा रानी कबीर के बीच विवाद हो गया। पूर्व चेयरमैन के घर के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

विज्ञापन
Hamirpur Chairperson Dispute: Former SP and Current BJP Chairperson Clash Over Drain Construction
नाली निर्माण पर भिड़ीं दो चेयरमैन - फोटो : amar ujala

विस्तार

कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि सड़क पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि पूर्व चेयरमैन माया वाल्मीकि के घर के बाहर नाली निर्माण का काम कराया जा रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद को शांत कराने का प्रयास किया।

विज्ञापन

जल निकासी के लिए नाली पर किए गए निर्माण को लेकर पूर्व और मौजूदा नगर पंचायत अध्यक्ष बृहस्पतिवार को सार्वजनिक स्थल पर आमने-सामने आ गईं। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान ईंट से मारने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है। मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायती पत्र दिए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:45 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर कर्मचारियों और जेसीबी के साथ वार्ड नंबर नौ के बस स्टैंड नई बस्ती इलाके में जलभराव की समस्या देखने पहुंची थीं। वार्ड के लोगों ने जल निकासी बाधित होने की शिकायत की थी। नगर पंचायत की टीम नाली से पानी का बहाव सुचारु कराने के लिए मौके पर पहुंची थी।

विज्ञापन

इसी दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और सपा नेत्री माया वाल्मीकि से नाली के पानी के बहाव को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। दोनों तरफ से जमकर हाथ चले और ईंट उठाकर मारने का प्रयास भी किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

नाली पर निर्माण से पानी का बहाव था बाधित

बताया गया कि नाली पर पट्टी बनी होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। दो दिन पहले नगर पंचायत कर्मचारियों ने पट्टी हटाई थी। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष माया वाल्मीकि की ओर से घर के सामने नाली के पास नया निर्माण कराए जाने की बात सामने आई। इसी को लेकर नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची थी।

पूर्व अध्यक्ष का आरोप- मकान और गार्डन गिराने आई थीं

पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष माया वाल्मीकि ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष उनके मकान को गलत तरीके से बना होने और नाली में ईंटों की दो पट्टियां व गार्डन होने की बात कहकर गिराने की कोशिश कर रही हैं। उनका आरोप है कि पहले भी उनकी गैरमौजूदगी में जेसीबी चलाकर मकान को प्रभावित किया गया था। बृहस्पतिवार को भी टीम इसी उद्देश्य से पहुंची थी। विरोध करने पर अध्यक्ष ने उनका हाथ पकड़कर घसीटा और मारपीट की।

अध्यक्ष बोलीं- जल निकासी खुलवाने पर विवाद हुआ

नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर का कहना है कि वार्डवासियों की जलभराव की शिकायत पर वह कर्मचारियों और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची थीं। उनके अनुसार नाली में गुम्मा लगाकर पानी का बहाव रोका गया था। इसे खुलवाने की बात कहने पर माया वाल्मीकि गाली-गलौज करने लगीं और ईंट लेकर मारने दौड़ीं। अध्यक्ष ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट का आरोप लगाया है।

गृहकर प्रभारी ने भी दिया शिकायती पत्र

गृहकर प्रभारी अनुरुद्ध पांडेय ने भी पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। उनका कहना है कि वह अध्यक्ष और जेई के साथ जल निकासी का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान पूर्व अध्यक्ष माया वाल्मीकि अध्यक्ष से विवाद करने लगीं और उनके साथ भी अपशब्द कहे। उन्होंने आरोप लगाया कि माया वाल्मीकि मारने के लिए दौड़ीं और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी। गृहकर प्रभारी ने झूठे मुकदमे में फंसाए जाने की आशंका भी जताई है।

स्थानीय लोगों ने भी रखी अपनी बात

वार्ड नंबर नौ के बस स्टैंड नई बस्ती निवासी सत्येंद्र सिंह, उमेश, मुंशीलाल, रंजना समेत अन्य लोगों ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष के घर के सामने नाली जाम होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। इसी समस्या की शिकायत वार्डवासियों ने नगर पंचायत से की थी। स्थानीय लोगों ने पूर्व अध्यक्ष और उनके पति पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

दोनों पक्षों से मिले शिकायती पत्र

थानाध्यक्ष कुरारा प्रिंस दीक्षित ने बताया कि वार्ड नंबर नौ में विवाद की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उस समय वार्ड की स्थिति सामान्य थी। दोनों पक्षों की ओर से शिकायती पत्र मिले हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed