Kanpur: सिलिंडर पर्याप्त लेकिन सर्वर ने बढ़ाई धड़कन; अफवाहों के बीच ग्राहकों को राहत, मिनटों में मिली डिलीवरी
Kanpur News: घाटमपुर में गैस सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है और एजेंसियां सुचारू रूप से चल रही हैं। सर्वर डाउन होने से बुकिंग में थोड़ी देरी हो रही है, जिसे लेकर अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।
विस्तार
कानपुर में गैस किल्लत की अफवाहों के बीच घाटमपुर कस्बे की स्थिति सामान्य बनी हुई है। यहां इंडेन गैस की दोनों प्रमुख एजेंसियों पर सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और प्रतिदिन की तरह लोडिंग जारी है। हालांकि, ऑनलाइन बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों और सर्वर डाउन होने की वजह से उपभोक्ताओं को थोड़े धैर्य की परीक्षा देनी पड़ रही है।
कोरिया निवासी कृष्ण बिहारी ने बताया कि सर्वर के कारण बुकिंग में थोड़ी मशक्कत हुई, लेकिन एक-दो प्रयासों के बाद बुकिंग सफल रही। एजेंसी पहुंचने के मात्र पांच मिनट के भीतर उन्हें भरा हुआ सिलिंडर मिल गया। वहीं, कस्बे के शिवकुमार ने भी यही बात दोहराई। मौके पर केवल चार-पांच लोग ही नजर आए, जिससे स्पष्ट है कि भीड़ जैसी स्थिति नहीं है।
अपील- अफवाहों पर न दें ध्यान
माधव विजय इंडेन गैस एजेंसी के संचालक विजय मिश्र ने स्पष्ट किया कि गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कह कि लोग अफवाहों के कारण घबरा रहे हैं। सर्वर की समस्या अस्थाई है, थोड़े प्रयास के बाद ऑनलाइन बुकिंग हो जाती है। हमारे पास पर्याप्त स्टॉक है और हम तत्काल सिलिंडर उपलब्ध करा रहे हैं।
शादी वाले घरों में अब भी संकट
कस्बे में जहां घरेलू उपभोक्ताओं को राहत है, वहीं मांगलिक कार्यक्रमों वाले परिवारों को मशक्कत करनी पड़ रही है। हमीरपुर रोड स्थित श्रेया गेस्ट हाउस के संचालक ने बताया कि शादियों का सीजन होने के कारण सिलिंडरों की खपत ज्यादा है। ऐसे में समय पर बुकिंग न होने पर लोग रिश्तेदारों और परिचितों से सिलिंडर उधार लेकर काम चलाने को मजबूर हैं।
