कानपुर चोरी: ऑटो सवार शातिर चोरों का तांडव, स्क्रैप गोदाम का ताला तोड़ उड़ाए 12 लाख, सीसीटीवी में कैद वारदात
Kanpur News: चकेरी थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने रविवार देर रात ऑटो से आए तीन शातिर चोरों ने स्क्रैप गोदाम के मुख्य गेट और चैनल का ताला तोड़कर अंदर रखे 7.61 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप और भारी मात्रा में कॉपर सहित करीब 12 लाख का माल पार कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
विस्तार
कानपुर में चकेरी कोयलानगर के भवानीनगर में ऑटो से आए तीन चोर रविवार देर रात स्क्रैप गोदाम के गेट का ताला तोड़कर करीब 12 लाख का माल ले गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। एक चोर ऑटो लेकर बाहर खड़ा रहा, जबकि दो अन्य ने वारदात की।
पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। दिल्ली में सीआरपीएफ में तैनात श्यामसुंदर तिवारी का भवानीनगर में घर और गोदाम है। कछियाना बर्तन बाजार निवासी विपिन दीक्षित ने गोदाम को वर्ष 2019 से किराये पर ले रखा है। विपिन आराध्या इंटरप्राइजेज नाम से फर्म बनाकर उसमें स्क्रैप का काम करते हैं।
तीन शातिर गोदाम के बाहर आकर रुके
उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार शाम वह गोदाम बंद करके घर चले गए। इस दौरान सोमवार तड़के करीब तीन बजे ऑटो से तीन शातिर गोदाम के बाहर आकर रुके। दो शातिरों ने साबड़ से मेन गेट और चैनल का ताला तोड़ा। इसके बाद अंदर दाखिल हुए।
वारदात में कुछ संदिग्ध कैद हुए
चोर गल्ले में रखे 7.61 लाख रुपये एक लैपटॉप और भारी मात्रा में कॉपर समेत करीब 12 लाख का माल ले गए। विपिन जब सोमवार सुबह गोदाम पर आए तब वारदात की जानकारी हुई। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि वारदात में कुछ संदिग्ध कैद हुए है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
पीएसी से आए शातिर, उल्टी दिशा से भाग निकले
सीसीटीवी में चोर पीएसी मोड़ बाईपास की ओर से आते नजर आए। माल लेकर जाने के दौरान भी वह उल्टी दिशा से पीएसी मोड़ की तरफ ही गए। वारदात रविवार देर रात तीन बजे की है। भवानीनगर के जिस गोदाम में रविवार को चोरी हुई। उसके आगे ही विपिन के छोटे भाई सुमित का भी स्क्रैप का गोदाम है। विपिन के मुताबिक एक साल पहले वहां भी चोरी हो गई थी। हालांकि, उस वक्त पुलिस को सूचना नहीं दी थी।