कानपुर: हैलट में एआई तकनीक से हुई काइफोस्कॉलियोसिस की जटिल सर्जरी, मुख्यमंत्री राहत कोष से निशुल्क इलाज
Kanpur News: हैलट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में पहली बार एआई तकनीक से कूबड़ हटाने की सफल सर्जरी कर 16 वर्षीय किशोर की पैदाइशी तिरछी रीढ़ को सीधा किया गया है। न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंह के अनुसार यह रीढ़ से जुड़ी सबसे जटिल सर्जरी है, जिसे मुख्यमंत्री राहत कोष की सहायता से पूरी तरह निशुल्क किया गया है।
विस्तार
कानपुर के हैलट सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में पहली बार आधुनिक तकनीक और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से कूबड़ हटाने की सफल सर्जरी की गई है। सरसौल के शीतलपुर निवासी गोविंद (16) के पैदाइशी कूबड़ और तिरछी रीढ़ को इस जटिल ऑपरेशन के जरिए ठीक किया गया है। खास बात यह रही कि किशोर का यह महंगा इलाज मुख्यमंत्री राहत कोष की सहायता से पूरी तरह निशुल्क किया गया।
न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंह के अनुसार, अस्पताल में काइफ़ोस्कॉलियोसिस की सर्जरी की शुरुआत एक बड़ी उपलब्धि है। यह रीढ़ की हड्डी से जुड़ी सबसे जटिल सर्जरी में से एक मानी जाती है। इस स्थिति में रीढ़ आगे या कूबड़ की तरह असामान्य रूप से झुक जाती है, जिससे ऊपरी पीठ गोल या झुकी हुई दिखाई देती है। गोविंद के मामले में भी उसकी रीढ़ तिरछी थी और कूबड़ पैदाइशी था।
एआई तकनीक से बनावट और झुकाव का सटीक आकलन किया
इससे उसे शारीरिक और मानसिक रूप से कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सर्जरी के दौरान एआई तकनीक के उपयोग से रीढ़ की बनावट और झुकाव का सटीक आकलन किया गया, जिससे ऑपरेशन के दौरान जोखिम को कम करने और सटीकता बढ़ाने में मदद मिली। अस्पताल के लिए यह अपनी तरह की पहली सफल सर्जरी है, जिसने जटिल स्पाइन विकारों से जूझ रहे मरीजों के लिए नई उम्मीद जगाई है।
लगातार नजर बनाए हुए है चिकित्सकों की टीम
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले गोविंद के पिता अरुण कुमार लिए इस जटिल सर्जरी का खर्च उठाना आसान नहीं था। मुख्यमंत्री राहत कोष से मिली आर्थिक मदद के चलते उसे बिना किसी शुल्क के यह उन्नत उपचार मिल सका। सर्जरी के बाद किशोर की स्थिति में सुधार देखा जा रहा है और चिकित्सकों की टीम उसकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है।
