कानपुर लूट: मंदिर जा रहे दंपती से छीनीं थी चेन, दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, स्पोर्ट्स बाइक से करते थे वारदात
Kanpur News: रेलबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीओडी पुल के पास बुजुर्ग दंपती से हुई स्नेचिंग की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलि ने चकेरी निवासी दो शातिर लुटेरों योगेश कुमार और दानिश को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त स्पोर्ट्स बाइक बरामद कर ली गई है।
विस्तार
कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीओडी पुल के पास बीते शुक्रवार देर रात जनरलगंज स्थित जैन मंदिर दर्शन करने जा रहे बुजुर्ग दंपती से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले चकेरी क्षेत्र के दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है।
उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक बरामद कर ली है। पकड़े गए दोनों आरोपी घूम-घूमकर राहगीरों को निशाना बनाते थे। जानकारी के अनुसार, कृष्णा नगर निवासी त्रिभुवन चंद्र जैन अपनी पत्नी नीलम जैन के साथ जनरलगंज स्थित मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।
सड़क पर गिरकर घायल हो गए थे दंपती
जैसे ही वह सीओडी पुल से उतरकर हनुमान मंदिर के समीप पहुंचे। तभी पीछे से आए स्पोर्ट्स बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने नीलम जैन के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। झटके के कारण दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे और आरोपी हवा में बाइक लहराते हुए फरार हो गए थे।
लूट की चेन और स्पोर्ट्स बाइक बरामद
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित रेलबाजार पुलिस टीम ने क्षेत्र के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने शनिवार को चकेरी के घाऊखेड़ा निवासी योगेश कुमार और मैकूपुरवा निवासी दानिश को घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से पीड़िता से लूटी गई चेन बरामद हुई।