कानपुर: उर्सला में पांच दिन से सी-आर्म मशीन खराब, कूल्हा-घुटना प्रत्यारोपण ठप, एमआरआई जांच भी बंद, मरीज परेशान
Kanpur News: उर्सला अस्पताल में हड्डी रोग विभाग की सी-आर्म मशीन पांच दिन से खराब होने के कारण कूल्हा व घुटना प्रत्यारोपण और जटिल फ्रैक्चर की सर्जरी ठप पड़ी है। साथ ही, सात दिन से एमआरआई मशीन भी बंद होने से मरीज परेशान हैं।
विस्तार
कानपुर के उर्सला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का एक और मामला सामने आया है। अस्पताल के हड्डी रोग (आर्थोपेडिक) विभाग की महत्वपूर्ण सी-आर्म मशीन पिछले पांच दिनों से खराब पड़ी है। इससे कूल्हा और घुटना प्रत्यारोपण के सभी ऑपरेशन पूरी तरह ठप हो गए हैं। जटिल हड्डी टूटने (फ्रैक्चर) के मामलों में भी डॉक्टर सर्जरी नहीं कर पा रहे हैं। मरीज परेशान हैं। सात दिन से एमआरआई मशीन भी खराब है, इससे एमआरआई जांच भी बंद है।
उर्सला में हड्डी की ओटी में रोजाना औसत 10 से 15 सर्जरी की जाती हैं। इसमें घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण की चार से पांच सर्जरी होती हैं। डॉक्टरों के अनुसार आधुनिक आर्थोपेडिक सर्जरी में सी-आर्म मशीन की भूमिका रीढ़ की हड्डी जैसी होती है। यह एक प्रकार की मोबाइल एक्स-रे इमेजिंग मशीन है जो ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों को हड्डियों और जोड़ों की लाइव तस्वीर स्क्रीन पर दिखाती है।
कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई
इसकी मदद से बिना बड़ा चीरा लगाए सटीक जगह पर प्लेट, रॉड या कृत्रिम जोड़ (इम्प्लांट) फिट किए जाते हैं। अभी तक न तो मशीन को ठीक कराने के लिए इंजीनियरों की टीम को सक्रिय किया गया है और न ही मरीजों के इलाज के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि मशीन को ठीक कराने के लिए बात की जा रही है। एक से दो दिन में मशीन ठीक हो जाएगी। एमआरआई मशीन भी एक दो दिन में ठीक हो जाएगी।
