Kanpur: 14 साल पुरानी दुकान पर जबरन कब्जे की कोशिश, पीड़ित ने दी तहरीर…जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: तिलशहरी खुर्द गांव में एक अधेड़ की 14 साल पुरानी दुकान पर दबंग ने जबरन कब्जा करने की कोशिश की। पीड़ित ने महाराजपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिलशहरी खुर्द गांव में शुक्रवार को उस समय तनाव फैल गया, जब रामआसरे साहू अपनी दुकान पर पहुंचे और देखा कि उनकी दुकान की छत पर टट्टर डालकर जबरन कब्जा किया जा रहा है। रामआसरे ने बताया कि उन्होंने यह दुकान 2011 में गांव निवासी राकेश पासवान से खरीदी थी और इसकी रजिस्ट्री भी उनके पास मौजूद है।
लगभग 14 वर्षों से दुकान पर रामआसरे का ही कब्जा है, लेकिन शुक्रवार की सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे, तो देखा कि राकेश द्वारा छत पर टट्टर खड़ा कर दिया गया है। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो राकेश ने उनके साथ अभद्रता की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
जांच में जुटी पुलिस
रामआसरे का कहना है कि इतने वर्षों बाद अब दबंगई के बल पर उन्हें दुकान से बेदखल करने की कोशिश की जा रही है, जबकि उनके पास रजिस्ट्री के सभी वैध दस्तावेज सुरक्षित हैं। पीड़ित ने इस संबंध में महाराजपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।