कानपुर: आलियापुर टोल पर खाकी पर हमला, किन्नरों ने अर्धनग्न होकर किया हंगामा, सिपाही की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
Kanpur News: आलियापुर टोल प्लाजा पर रंगदारी मांगने और कार में तोड़फोड़ की सूचना पर पहुंची यूपी-112 की पीआरवी के पुलिसकर्मियों के साथ किन्नरों द्वारा मारपीट, अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। पीआरवी पर तैनात आरक्षी राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने नामजद किन्नर काजल, मुस्कान तथा अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विस्तार
कानपुर में सजेती थाना क्षेत्र के आलियापुर टोल पर रुपये मांगने और वाहन में तोड़फोड़ की सूचना पर पहुंची पीआरवी के पुलिसकर्मियों से किन्नरों ने अभद्रता और मारपीट की। साथी सिपाही को समझाने और वीडियो बनाने पर आरोपियों ने उसके साथ धक्कामुक्की की। सरकारी काम में बाधा डालने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पीआरवी पर तैनात आरक्षी राजेश कुमार सिंह ने काजल, मुस्कान और अन्य अज्ञात किन्नरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के अनुसार, 26 अक्तूबर की रात करीब 9:42 बजे पीआरवी 9303 को इवेंट नंबर 29317 के तहत आलियापुर टोल से सूचना मिली थी। कॉल करने वाले अंकित सिंह ने बताया था कि कुछ किन्नर उनसे रुपये मांग रहे हैं और उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी है। सूचना पर चालक राजेश कुमार सिंह और साथी कमांडर प्रवीण बंसल मौके पर पहुंचे। वहां किन्नर मौजूद थे। आरोप है कि प्रवीण बंसल ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो वे गालीगलौज करने लगे।
तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज
मना करने और वीडियो बनाने पर किन्नरों ने उनके साथ मारपीट और धक्कामुक्की की। इसके बाद सरकारी काम में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए। आरक्षी राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, मौके पर किन्नरों की आपसी बातचीत के दौरान काजल और मुस्कान के नाम सामने आए। अन्य आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी। एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव के अनुसार तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भदोही जिले के बंजारी गांव निवासी अंकित सिंह के अनुसार, वह 26 अक्टूबर की रात कार से हमीरपुर के कुदौरा से घाटमपुर की ओर जा रहे थे। रास्ते में टोल प्लाजा के पास कुछ किन्नरों ने उनकी कार रोक ली और रुपये मांगने लगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ गालीगलौज और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर उनकी पिटाई की और कार में तोड़फोड़ भी की। परिवार के साथ खुद को असुरक्षित महसूस करने पर अंकित ने यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटनास्थल देखा
आरोप है कि मौके पर पहुंची पीआरवी के सिपाहियों के साथ भी किन्नरों ने हाइवे पर अर्धनगन होकर उनसे भी अभद्रता और मारपीट की। इसके बाद अपने अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया और जमकर हंगामा किया। इस घटना को संवाद न्यूज़ एजेंसी ने बड़ी प्रमुखता से प्रकाशित किया जिसके बाद नींद से जागे पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टोल प्लाजा अलियापुर में पुलिस ने शनिवार को पीड़ित अंकित को ले जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटनास्थल देखा।