Kannauj: बिजली की चपेट में आकर युवक की मौत, पंखा चलाते समय हुआ हादसा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Kannauj News: छिबरामऊ में मिठाई की दुकान पर काम करने वाले युवक की पंखा चलाते समय करंट लगने से मौत हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला नुनार बिशनगढ़ निवासी 21 वर्षीय युवक की बुधवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। युवक को गंभीर हालत में सौ शैय्या अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोहल्ला नुनार बिशनगढ़ निवासी अंकित कश्यप (21) पुत्र रामकुमार अपने पड़ोसी रिंकू गुप्ता पुत्र सर्वेश गुप्ता की मिठाई की दुकान पर बचपन से काम करता था।
परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह करीब नौ बजे अंकित दुकान पर पंखा चला रहा था। इसी दौरान किसी तरह विद्युत बोर्ड में करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गया। करंट लगते ही अंकित मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद दुकान मालिक रिंकू गुप्ता और अन्य लोग उसे तत्काल सौ शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जवान बेटे की मौत से बेसुध हुए परिजन
बड़ी संख्या में रिश्तेदार व मोहल्ले के लोग अस्पताल पहुंच गए। अंकित अविवाहित था। उसके पिता रामकुमार किसान हैं। परिवार में मां रजनी, भाई अंकुश और मोहित हैं। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में बेटे का शव देखते ही माता रजनी और अन्य परिजन बिलख पड़े। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें सांत्वना दी। युवक की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।