कन्नौज: झपकी आने से बेकाबू हुआ ट्रक, डिवाइडर तोड़ खाई में गिरा, चालक और हेल्पर घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
Kannauj News: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रक के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे अनियंत्रित होकर ट्रक साइड डिवाइडर तोड़ता हुआ गहराई में जा गिरा। हादसे में रामपुर निवासी चालक और हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात कट नंबर 207 के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आने से मक्का लदा ट्रक अनियंत्रित हो गया। ट्रक साइड डिवाइडर तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में चालक और हेल्पर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार ट्रक रानीगंज, बिहार से मक्का लादकर कामां, भरतपुर (राजस्थान) जा रहा था। ट्रक को रामपुर जिले के थाना मिलकखानम क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी रिजवान पुत्र इस्लाम चला रहा था। उसके साथ थाना खजुरिया क्षेत्र के रसूलपुर निवासी मुजीम खान पुत्र अजीम खान हेल्पर के रूप में मौजूद था। कट नंबर 207 के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई।
घायल चालक और हेल्पर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती
इससे ट्रक अनियंत्रित होकर साइड डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे खाई में जा गिरा। ट्रक खाई में गिरने के कारण उसमें लदा मक्का मौके पर ही है। बताया गया कि मक्का अनलोड किए बिना ट्रक को दोबारा एक्सप्रेसवे पर नहीं लाया जा सकता। फिलहाल एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य है। ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि हादसे में घायल चालक और हेल्पर को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया है।